बिलासपुर में पूर्व मंत्री और भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने कांग्रेस और उसके नेताओं पर साधा तीखा निशाना, टी.एस. सिंहदेव से लेकर गांधी परिवार तक पर की बेबाक टिप्पणी — बोले, “कांग्रेस में किसी की हसरत पूरी नहीं होती, हम पूरा कर देंगे।”
बिलासपुर | मो इसराइल बबलू भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर का शनिवार को बिलासपुर में दिया गया बयान राजनीतिक गलियारों में जोरदार चर्चा का विषय बन गया है। उन्होंने कांग्रेस और उसके शीर्ष नेताओं पर न केवल तीखा प्रहार किया, बल्कि अपने बयान से नया विवाद भी खड़ा कर दिया।
चंद्राकर ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता टी.एस. सिंहदेव की मुख्यमंत्री बनने की इच्छा पर तंज कसते हुए कहा —
“जैसे एक दिन के लिए कलेक्टर या आर्मी पर्सन बनने की परंपरा होती है, वैसे ही अगर सिंहदेव जी चाहें तो हम उन्हें एक दिन के मुख्यमंत्री बना देंगे। मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठाकर उनकी इच्छा पूरी कर देंगे। क्योंकि कांग्रेस में तो उनका कुछ होना नहीं है।”
उन्होंने आगे कहा कि “किसी को भी कोई हसरत लेकर ऊपर नहीं जाना चाहिए, उसे इसी दुनिया में पूरा कर लेना चाहिए। गांधी परिवार ने सिंहदेव को धोखा दिया। उन्होंने ऑन रिकॉर्ड कहा था कि 50-50 का समझौता था। सिंहदेव ने राजशाही का हिस्सा बेचकर कुछ नहीं भेजा, लेकिन मुख्यमंत्री ने गद्दी पर बैठकर कुछ हिस्सा दिल्ली भेजा, इसलिए उन्होंने 5 साल का कार्यकाल पूरा किया।”
“कांग्रेस चाटने और काटने वाली पार्टी है”
टी.एस. सिंहदेव पर बयान के बाद अजय चंद्राकर ने कांग्रेस की आंतरिक राजनीति पर भी करारा हमला बोला। उन्होंने कहा —
“कांग्रेस चाटने और काटने वाली पार्टी है। कांग्रेस के लोग दिल्ली जाकर एक परिवार की चाटते हैं और नीचे एक-दूसरे को काटते हैं। कांग्रेस के नेता जनता के दरबारी नहीं, बल्कि दिल्ली के दरबारी हैं। यही कांग्रेस का असली चरित्र है।”
उन्होंने कहा कि कांग्रेस में अब कोई विश्वसनीयता नहीं बची है, पार्टी सिर्फ दरबारी राजनीति में उलझी हुई है।
🔹 “पूर्व सीएम के खास विधायक ने कहा था, बाबा से जान को खतरा”
चंद्राकर ने अपने बयान में एक और बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि “पूर्व मुख्यमंत्री के खास विधायक ने एक बार मुझसे कहा था कि उन्हें बाबा (टी.एस. सिंहदेव) से जान का खतरा है। यह कांग्रेस के भीतर की हालत थी।”
विपक्ष पर पलटवार
यह बयान उस समय आया है जब कांग्रेस नेता एवं मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने हाल ही में भाजपा पर कई तीखे आरोप लगाए थे। अजय चंद्राकर ने उसी बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि “कांग्रेस पहले खुद के गिरेबान में झांके। जो पार्टी अपने ही नेताओं को सम्मान नहीं दे सकती, वह जनता का क्या सम्मान करेगी?”
राजनीतिक विश्लेषण
राजनीतिक पर्यवेक्षकों का मानना है कि अजय चंद्राकर का यह बयान आगामी निकाय और पंचायत चुनावों से पहले भाजपा के आक्रामक तेवरों का संकेत है। वहीं, कांग्रेस खेमे में इस बयान को लेकर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल सकती है। टी.एस. सिंहदेव और कांग्रेस संगठन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
विवादित बयान
“अगर चाहें तो हम सिंहदेव जी को एक दिन का सीएम बना देंगे।”
“कांग्रेस चाटने और काटने वाली पार्टी है।”
“कांग्रेस के नेता दिल्ली के दरबारी हैं, जनता के नहीं।”
“कांग्रेस में कोई विश्वसनीयता नहीं है।”
नई रणनीति का हिस्सा तो नहीं अजय चंद्राकर का यह बयान न केवल कांग्रेस पर राजनीतिक वार है, बल्कि यह भाजपा के अंदर भी विपक्ष के शीर्ष नेताओं को निशाने पर लेने की नई रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। उनके “एक दिन के मुख्यमंत्री” वाले बयान ने इस बहस को और तेज कर दिया है कि क्या यह हमला टी.एस. सिंहदेव की राजनीतिक महत्वाकांक्षा पर व्यक्तिगत व्यंग्य है या कांग्रेस की संगठनात्मक स्थिति पर कटाक्ष।
शिक्षाः बीए, बैचलर आफ “जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन। वर्ष 1996 से लोकस्वर से पत्रकारिता की शुरुआत। दैनिक भास्कर , देशबंधु, स्वदेश में बतौर सिटी रिपोर्टर और सब एडिटर काम किया। 2007 से 2022 तक नईदुनिया में डिप्टी न्यूज एडिटर , इनपुट हेड, सिटी चीफ , सीनियर सिटी रिपोर्टर के पद पर कार्य का लंबा अनुभव। वर्तमान में संपादक, न्यूज़ डॉन छत्तीसगढ़।