Mohammed israil
बिलासपुर। ऐतिहासिक दुर्गोत्सव की धूम शहर में शुरू हो चुकी है और इस साल यह और भी भव्य होने जा रहा है। उत्सव के दौरान भारी भीड़ और ट्रैफिक जाम से बचने के लिए नगर निगम ने सरकंडा क्षेत्र में विशेष पैड पार्किंग की व्यवस्था की है। न्यू रिवर व्यू और हैप्पी स्ट्रीट में बनाई गई यह पार्किंग व्यवस्था दर्शनार्थियों के लिए दोपहिया वाहनों के लिए 5 रुपए और चार पहिया वाहनों के लिए 10 रुपए शुल्क पर उपलब्ध होगी।
नगर निगम ने इंदिरा सेतु से रामसेतु (पुराना पुल) के बीच निर्माणाधीन न्यू रिवर व्यू और शनिचरी के पास हैप्पी स्ट्रीट पर पैड पार्किंग की व्यवस्था की है। पार्किंग व्यवस्था दोपहर 3 बजे से रात 3 बजे तक लागू रहेगी।
इस साल शहर में लगभग 100 से अधिक स्थानों पर दुर्गोत्सव मनाया जा रहा है, जिसके चलते भारी संख्या में दर्शनार्थियों के पहुंचने की उम्मीद है। न्यू रिवर व्यू साइड सरकंडा और हैप्पी स्ट्रीट की पार्किंग में दो शिफ्ट में 6-6 कर्मचारी तैनात किए गए हैं। रात में सुरक्षा के लिए फ्लड लाइट की व्यवस्था की गई है।
नगर निगम ने बताया कि अन्य स्थानों पर भी भीड़ नियंत्रण और ट्रैफिक सुगमता के लिए योजनाएं बनाई जा रही हैं, ताकि दुर्गोत्सव का आनंद बिना किसी असुविधा के सभी नागरिक ले सकें।



