बिलासपुर, जांजगीर-नैला।
नैला थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। आपसी रंजिश के चलते छोटे भाई ने ही अपने बड़े भाई की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। यह सनसनीखेज घटना रविवार की शाम उस समय हुई, जब मोहल्ले में पुरानी रंजिश को लेकर विवाद भड़का और देखते ही देखते खून-खराबे में बदल गया।
विवाद की जड़ – पड़ोसी से पुरानी दुश्मनी
जानकारी के मुताबिक आरोपी जितेश की अपने पड़ोसी नरेंद्र चंदेल से लंबे समय से रंजिश चल रही थी। रविवार को दोनों के बीच फिर से कहासुनी हुई। विवाद बढ़ता देख नरेंद्र अपने घर में जाकर दरवाजा बंद कर लिया, लेकिन जितेश बाहर से दरवाजा पीटता रहा।
बड़ा भाई बीच-बचाव करने आया, बन गया शिकार
इतने में आरोपी का बड़ा भाई मुकेश सूर्यवंशी मौके पर पहुंचा और उसने छोटे भाई से कहा कि झगड़ा क्यों कर रहा है। बस इसी बात पर जितेश भड़क उठा और अपने बड़े भाई पर ही टूट पड़ा। गुस्से में उसने कहा – “तू कौन होता है टोकने वाला” और अचानक चाकू निकालकर भाई के गले पर वार कर दिया।
अस्पताल ले जाते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
चाकू लगते ही मुकेश जमीन पर गिर पड़ा और लहूलुहान हो गया। परिजनों ने आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल जांजगीर पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक जांच में पाया गया कि गले की नसें कट गईं और अत्यधिक खून बहने से मौत हुई।
पुलिस की तत्परता – आरोपी गिरफ्तार
घटना की खबर मिलते ही नैला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। वहीं, पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी जितेश सूर्यवंशी को चाकू समेत हिरासत में ले लिया।
हत्या का कारण बनी पारिवारिक कलह और मोहल्ले की रंजिश
आरोपी: जितेश सूर्यवंशी
मृतक: मुकेश सूर्यवंशी (बड़ा भाई)
विवाद का मूल कारण: पड़ोसी नरेंद्र चंदेल से पुरानी रंजिश
हत्या का हथियार: चाकू
घटना स्थल: नैला, जिला जांजगीर-चांपा (छत्तीसगढ़)
पुलिस कार्रवाई: आरोपी गिरफ्तार, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया



