Mohammed israil
बिलासपुर छत्तीसगढ़ के व्यापार एवं उद्योग जगत ने केंद्र सरकार द्वारा घोषित नए जीएसटी सुधारों का स्वागत किया है। कॉन्फ़ेडरेशन ऑफ़ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) बिलासपुर इकाई के अध्यक्ष किशोर पंजवानी ने कहा कि इन सुधारों से उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा, जिससे बाजार में मांग बढ़ेगी और देश की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।

पंजवानी ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और वित्तमंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण के प्रति आभार जताते हुए कहा कि जीएसटी में किए गए बदलावों से उपभोक्ताओं की बायिंग पावर में वृद्धि होगी। इसका सकारात्मक असर रिटेल सेक्टर में मांग पर पड़ेगा और इंडस्ट्री का उत्पादन बढ़ेगा। साथ ही, रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
उन्होंने कहा कि यह सुधार देश की जीडीपी को 0.5 से 0.75 प्रतिशत तक अतिरिक्त ग्रोथ दिलाने में सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा हाल ही में लागू किए गए अन्य आर्थिक कदमों का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले इनकम टैक्स में छूट दी गई, फिर भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) ने 1 प्रतिशत की राहत देकर बाजार में 2.5 लाख करोड़ की तरलता सुनिश्चित की और अब जीएसटी सुधार—ये सभी कदम मिलकर व्यापार और उद्योग जगत के लिए स्वर्णिम अवसर लेकर आए हैं।
पंजवानी ने कहा कि इन सुधारों से प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर भारत के विज़न को मजबूती मिलेगी। स्वदेशी अभियान को बढ़ावा मिलेगा और देशभर में नए स्टार्टअप्स को प्रोत्साहन मिलेगा। इससे भारत वैश्विक अर्थव्यवस्था में और अधिक सशक्त होकर उभरेगा।



