भीड़ कम करने के लिए OPD और IPD सैंपल कलेक्शन अलग-अलग स्थान पर
बिलासपुर। संभाग के सबसे बड़े अस्पताल छत्तीसगढ़ आयु विज्ञान संस्थान( सिम्स) चिकित्सालय में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए आते हैं। बढ़ती भीड़ और लंबी कतारों को देखते हुए अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति एवं चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह द्वारा अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार किया जा रहा है।

इसी कड़ी में अब ब्लड व अन्य सैंपल (खून, पेशाब आदि) कलेक्शन सेंटर में बदलाव किया गया है। पहले बाह्य रोगी (OPD) और अंतः रोगी (IPD) दोनों के नमूने भू-तल स्थित पीला टंकी के पास एक ही कलेक्शन सेंटर से लिए जाते थे। मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अब सैंपल कलेक्शन को दो हिस्सों में विभाजित किया गया है।
OPD मरीजों के नमूने अब भू-तल स्थित कलेक्शन कक्ष में लिए जाएंगे।
IPD मरीजों के नमूने दूसरी मंजिल पर स्थित सेंट्रल लैब में लिए जाएंगे, जहां पैथोलॉजी, माइक्रोबायोलॉजी और बायोकेमिस्ट्री विभाग के लिए अलग-अलग कक्ष बनाए गए हैं।
सभी विभाग के डॉ.इंचार्ज को दो बार
कलेक्शन सेंटर का राउंड लेने के लिए आदेश दिया गया है
इस नई व्यवस्था से भीड़ कम होगी, मरीजों व परिजनों को कतार में लगने की परेशानी से राहत मिलेगी और समय की बचत भी होगी।
वार्ड में भर्ती मरीजों की रिपोर्ट अब सीधे संबंधित वार्ड में ही उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए वार्ड बाय एवं आया रिपोर्ट एकत्रित कर मरीजों तक पहुंचाएंगे।



