Mohammed israil
तोरवा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अपराधियों में मचा हड़कंप

बिलासपुर। जिले में लगातार बढ़ रहे चाकूबाजी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया है। इसी कड़ी में तोरवा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बुधवारी बाजार में दबिश दी और एक युवक को बटनदार स्प्रिंगदार चाकू की अवैध बिक्री करते हुए गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 12 नग चाकू बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भापुसे) के निर्देश पर जिलेभर में अवैध हथियार बिक्री और चाकूबाजी पर रोक लगाने विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत थाना तोरवा को 14 अगस्त को सूचना मिली थी कि बुधवारी बाजार, महेश स्वीट्स के पास एक युवक लोगों को दिखाकर चाकू बेच रहा है। सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राजेंद्र जायसवाल और सीएसपी (कोतवाली) गगन कुमार (भापुसे) के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी अभय सिंह बैस के नेतृत्व में टीम ने घेराबंदी कर आरोपी शाहबाज अंसारी (24 वर्ष) निवासी गणेश नगर, चुचुहियापारा थाना सिरगिट्टी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के कब्जे से 12 नग बटनदार स्प्रिंगदार चाकू जब्त कर आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि जिले में इस तरह के अवैध कारोबार पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
🔴 6 माह में 120 से अधिक चाकूबाजी के मामले
बिलासपुर जिले में चाकूबाजी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। पिछले छह महीनों में ही पुलिस रिकॉर्ड में 120 से अधिक मामले दर्ज हो चुके हैं। इनमें से अधिकांश घटनाएं आपसी विवाद और बदमाशों के बीच मारपीट के दौरान हुई हैं। लगातार बढ़ते मामलों को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने अवैध चाकू बिक्री करने वालों पर सख्ती बरतनी शुरू कर दी है।
🔴 हाईकोर्ट ने जताई चिंता
बिलासपुर हाईकोर्ट ने हाल ही में शहर में चाकूबाजी की बढ़ती घटनाओं को गंभीरता से लिया है। न्यायालय ने राज्य सरकार, गृह विभाग और पुलिस प्रशासन से जवाब तलब करते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर चाकुओं की खुली बिक्री और इनसे जुड़े अपराध कानून-व्यवस्था के लिए खतरा हैं। अदालत ने मामले को जनहित याचिका के रूप में स्वीकार कर लिया है और अधिकारियों से व्यक्तिगत शपथपत्र में जवाब मांगा है।



