बिलासपुर। शिवसेना (शिंदे गुट) बिलासपुर जिला इकाई ने जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जिले की अशासकीय और प्राइवेट शालाओं में सुरक्षा व्यवस्थाओं में खामियों पर गंभीर चिंता जताई। सेंट विंसेंट पल्लोटी स्कूल के बाथरूम में हुए केमिकल धमाके में एक छात्रा के गंभीर रूप से झुलसने की घटना ने इस मुद्दे को और गंभीर बना दिया है।
ज्ञापन में सुरक्षा से संबंधित कई मांगें उठाई गईं, जिनमें स्कूल परिवहन की अनियमितता, खेल मैदान और मूलभूत संरचनाओं की कमी, लैब की जांच, फीस वृद्धि पर नियंत्रण, और महिला एवं पुरुष गार्ड की अनिवार्यता शामिल है। शिवसेना ने शिक्षा विभाग से सख्त दिशा-निर्देश जारी करने और स्कूलों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने की मांग की।
शिवसेना ने चेतावनी दी कि यदि इन मांगों को अनदेखा किया गया, तो इसे शिक्षा विभाग द्वारा निजी संस्थानों को संरक्षण माना जाएगा, और संगठन कड़ा विरोध दर्ज करेगा। ज्ञापन सौंपने वालों में नवीन यादव, मुकेश देवांगन, संतोष कौशल, यशवंत गोरख, और कमलेश गुप्ता शामिल थे।



