Latest news

बिलासपुर में सीएम विष्णुदेव ने कहा कांग्रेस कमजोर, पूरे प्रदेश में भाजपा की जीत का किया दावा

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
2 Min Read

00  अब तक  30 से अधिक वार्ड और एक नगर पंचायत में बीजेपी ने निर्विरोध जीत हासिल की

बिलासपुर।बिलासपुर नगर निगम चुनाव के प्रचार के लिए पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मीडिया से चर्चा करते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि कांग्रेस ने बीते 5 वर्षों में प्रदेश की जनता के साथ छल और धोखा किया है। उन्होंने दावा किया कि अब जनता कांग्रेस की असलियत को पहचान चुकी है और नगरीय निकाय चुनाव में बीजेपी की भारी जीत सुनिश्चित है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तरह लोकसभा और विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को शानदार सफलता मिली, उसी तरह इस बार नगरीय निकाय चुनावों में भी जनता बीजेपी को ही चुनेगी। उन्होंने विपक्षी कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस अब इतनी कमजोर हो चुकी है कि उनके पास न तो योग्य प्रत्याशी हैं और न ही वे फॉर्म भरने की प्रक्रिया को सही तरीके से पूरा कर पा रहे हैं।

सीएम साय ने जानकारी दी कि अब तक प्रदेश के 30 से अधिक वार्ड और एक नगर पंचायत में बीजेपी ने निर्विरोध जीत हासिल की है। उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश के 10 में से 10 नगर निगम, 49 नगर पालिका और 114 नगर पंचायत में बीजेपी भारी बहुमत से जीत दर्ज करेगी।

उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि प्रदेश के विकास और सुशासन के लिए भारतीय जनता पार्टी को समर्थन देना जरूरी है। सीएम साय ने यह भी कहा कि प्रदेश में विकास कार्यों की गति तेज करने और पारदर्शी प्रशासन सुनिश्चित करने के लिए बीजेपी का हर स्तर पर जीतना आवश्यक है।

इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ भाजपा की महापौर पद की प्रत्याशी पूजा विधानी पार्षद प्रत्याशी एवं वरिष्ठ भाजपा नेता राजेश त्रिवेदी समेत कई वरिष्ठ नेता और पार्टी कार्यकर्ता भी मौजूद रहे, जिन्होंने प्रचार अभियान को मजबूती दी।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।