Bilaspur बिलासपुर। शादी के बाद दहेज की लगातार मांग, शारीरिक प्रताड़ना और मानसिक यातना झेलने वाली एक महिला के जीवन में उस समय सब कुछ बिखर गया जब उसके पति ने उसे तीन बार तलाक कहकर घर से निकाल दिया और फिर व्हाट्सएप पर तीन तलाक लिखकर भेजा। प्रतिष्ठित होटल संचालक और उनके परिवार के खिलाफ महिला ने गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए पति सहित पांच लोगों पर मामला दर्ज कर लिया है।
श्रीकांत वर्मा मार्ग निवासी एक युवती ने ईदगाह चौक के होटल व्यवसायी फहद अंसारी से 15 दिसंबर 2019 को मुस्लिम रीति-रिवाज से निकाह किया था। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार निकाह के दौरान युवती के माता-पिता ने फहद को डायमंड जड़ी प्लेटिनम अंगूठी दी थी। लेकिन शादी के बाद युवती के जीवन में मुश्किलें शुरू हो गईं।
ससुरालवालों ने युवती पर दहेज लाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। पति ने दुकान खोलने के लिए मायके से पैसे मंगवाने को कहा। युवती के परिवार ने पहले 5 लाख रुपये दिए, फिर एक कार खरीदने के लिए 2 लाख रुपये दिए। इसके बाद बीएमडब्ल्यू कार खरीदने के नाम पर 4 लाख रुपये और लिए गए। लेकिन दहेज की मांग खत्म होने का नाम नहीं ले रही थी।
युवती ने आरोप लगाया है कि जब उसने पैसे लाने से इनकार किया, तो ससुरालवाले उसे मारने-पीटने लगे। यहां तक कि उसकी सास और ससुर ने चिमटा गरम करके उसे जलाया। युवती, जो पेशे से ब्यूटीशियन और मेकअप आर्टिस्ट है, अपने द्वारा कमाए गए पैसे भी ससुरालवालों को देने के लिए मजबूर थी।
तीन तलाक का मामला:
24 जुलाई 2024 को जब युवती अपनी बहन के साथ दुबई गई थी, तब ससुरालवालों ने उसे घर लौटने के बाद प्रवेश करने से मना कर दिया। बाहर खड़े होकर पति ने तीन बार “तलाक” बोलकर उसे घर से निकाल दिया। इसके बाद उसने 16 अक्टूबर, 17 नवंबर 2024 और 12 जनवरी 2025 को व्हाट्सएप पर “तीन तलाक” लिखकर भेज दिया।
पुलिस पुलिस ने क्या की कार्रवाई
महिला की शिकायत पर पुलिस ने मुस्लिम महिला (विवाह अधिकार संरक्षण) अधिनियम 2019 की धारा 4 सहित भारतीय दंड संहिता (IPC) की अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी पति फहद अंसारी, ससुर काजी मोबुल्नुदीन अंसारी, सास रेहाना अंसारी, ननद फरीन अंसारी और नंदोई काजी सरीफ पर दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा और तीन तलाक के आरोप लगाए गए हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती अर्चना झा का कहना है कि पीड़िता ने न्याय की गुहार लगाई है और पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि आरोपी को कानून के तहत सख्त सजा दी जाएगी।



