बिलासपुर। हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने बिलासपुर एयरपोर्ट पर उड़ानों की संख्या बढ़ाने और नई उड़ानों के संचालन के लिए मुहिम शुरू कर दी है। समिति ने अपनी पहल के तहत सबसे पहले इंडिगो एयरलाइंस के आपरेशन विभाग के प्रबंधकों से मुलाकात की और उन्हें बिलासपुर एयरपोर्ट से उड़ानों के बारे में जानकारी दी।
समिति का यह लंबे समय से आग्रह रहा है कि बिलासपुर एयरपोर्ट को सिर्फ सरकारी एयरलाइन एलाइंस एयर के भरोसे न छोड़ा जाए, बल्कि निजी एयरलाइंस को भी आमंत्रित किया जाए जो 72 और 80 सीटों वाले विमानों के साथ उड़ान भर सकती हैं। इस उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए समिति ने अपने स्तर पर निजी एयरलाइंस के अधिकारियों से संपर्क करना शुरू किया है। इंडिगो एयरलाइंस के आपरेशन विभाग के प्रबंधक अभिषेक से हुई चर्चा में समिति के प्रतिनिधियों ने उन्हें बताया कि बिलासपुर से दिल्ली की उड़ान पर अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है, वहीं हैदराबाद के लिए उड़ान की भारी मांग है, हालांकि एलाइंस एयर की उड़ान शुरू नहीं हो सकी है। उन्होंने इंडिगो के अधिकारियों को यह भी जानकारी दी कि पिछले छह महीने में बिलासपुर से विभिन्न मार्गों पर यात्रा करने वाले यात्रियों के आंकड़े उपलब्ध हैं।
इंडिगो के प्रबंधक ने इस दौरान सुझाव दिया कि अगर राज्य सरकार एयरक्राफ्ट के पेट्रोल पर वेट टैक्स में छूट देती है या एलाइंस एयर को दी गई सब्सिडी जैसी सहायता इंडिगो को भी मिलती है, तो इंडिगो बिलासपुर एयरपोर्ट से नई उड़ानें शुरू करने के लिए तैयार हो सकता है। समिति ने इंडिगो को आश्वासन दिया कि वे राज्य सरकार से इस मुद्दे पर चर्चा करेंगे और इस संबंध में राज्य सरकार से इंडिगो के प्रबंधकों के साथ बैठक की अपील करेंगे। समिति ने राज्य सरकार से यह भी आग्रह किया है कि वह निजी एयरलाइंस को एक बैठक में बुलाए, ताकि बिलासपुर, जगदलपुर और अंबिकापुर जैसे स्थानों से उड़ानों के संचालन को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक सहयोग पर खुली चर्चा की जा सके। समिति का मानना है कि इस तरह के कदम से नई उड़ानों को प्रोत्साहन मिलेगा, जैसा कि अन्य राज्यों की सरकारें भी कर रही हैं। समिति का महा धरना जारी है, जिसमें पूर्व महापौर रामशरण यादव और अन्य महत्वपूर्ण व्यक्ति अनिल गुलहरे, बद्री यादव, रवि बनर्जी, हीरा यादव, मनोज श्रीवास, दीपक कश्यप, परसराम केवट, मोहन जायसवाल, अमर बजाज, प्रकाश बारानी, रणजीत सिंह खनूजा, मजहर खान, राकेश शर्मा, चित्रकांत श्रीवास, चंद्र प्रकाश जायसवाल, आशुतोष शर्मा, साबर अली, सत्यम तिवारी, प्रतीक तिवारी, संतोष पीपलवा, महेश दुबे, टाटा समीर अहमद, संदीप बाजपेई, पप्पू अखिल अली, मोहसिन अली और सुदीप श्रीवास्तव आदि शामिल हुए।



