Latest news

एसएसपी राजनेश सिंह ने तखतपुर थाने का किया औचक निरीक्षण, 14 झगड़ालू गांवों पर सख्ती के निर्देश

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

अवैध शराब, मारपीट और जमीन विवाद की शिकायतों पर जताई चिंता; शिकायत वाले पुलिसकर्मियों को तत्काल रक्षित केंद्र भेजा
बिलासपुर। उप पुलिस महानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजनेश सिंह ने रविवार को तखतपुर थाने का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने थाना प्रभारी से बीट व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और थाना क्षेत्र की कानून-व्यवस्था की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान थाना क्षेत्र के 79 गांवों में से 14 गांवों को झगड़ालू के रूप में चिन्हित किए जाने तथा इन क्षेत्रों से अवैध शराब, मारपीट और भूमि विवाद की शिकायतें अधिक मिलने की जानकारी सामने आई। एसएसपी ने ऐसे क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस को लगातार निगरानी और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
शिकायत वाले पुलिसकर्मियों को रक्षित केंद्र भेजा
निरीक्षण के दौरान कुछ पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ लगातार शिकायतें मिलने और अपराध नियंत्रण व जनसंपर्क से जुड़ी उनकी कार्यप्रणाली पर संदेह व्यक्त किए जाने पर संबंधित कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से रक्षित केंद्र संबद्ध किया गया।
अवैध शराब पर कार्रवाई बढ़ाने के निर्देश
एसएसपी ने थाना प्रभारी और स्टाफ को अवैध शराब के खिलाफ कठोर और प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बराही परसदाकांपा क्षेत्र में पूर्व में एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के नेतृत्व में की गई छापामार कार्रवाई का भी निरीक्षण के दौरान उल्लेख किया गया। इस कार्रवाई में अवैध शराब जब्त कर आरोपी महिला के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। एसएसपी ने ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रखने को कहा।
बार-बार अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त पाए जाने वाले आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक और बाउंड ओवर की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। बाउंड का उल्लंघन करने पर नियमानुसार राशि जब्त कराने को भी कहा गया। अवैध शराब के कारोबार में शामिल महिलाओं को महिला स्व-सहायता समूहों और शासन की योजनाओं से जोड़कर वैकल्पिक आजीविका के लिए प्रेरित करने के निर्देश भी दिए गए।
बीट कर्मचारियों को गांवों की पूरी जानकारी रखने कहा
एसएसपी राजनेश सिंह ने बीट कर्मचारियों को अपने-अपने क्षेत्र के गांवों, अपराधियों और स्थानीय समस्याओं की पूरी जानकारी रखने के निर्देश दिए। झगड़ालू गांवों में होने वाले अपराधों की विस्तृत जानकारी जुटाकर प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया। संगठित अपराध में शामिल लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 112 के तहत आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
सीएम हेल्पलाइन की 19 शिकायतों की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान सीएम हेल्पलाइन की 19 शिकायतों और चरित्र सत्यापन प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। एसएसपी ने इनके समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पुलिस अनुविभागीय अधिकारी कोटा नूपुर उपाध्याय भी उपस्थित रहीं।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।