00 महिलाओं ने कलेक्टर से की कार्रवाई की मांग
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले केतखतपुर तहसील के ग्राम चनाडोंगरी में सरकारी भूमि खसरा नंबर 131/18 पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। इस संबंध में ग्राम की महिलाओं ने समस्त महिला समूह के नेतृत्व में जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा और अवैध कब्जा हटाने की मांग की।
महिलाओं ने आरोप लगाया कि ग्राम निवासी महेंद्र कौशिक उर्फ दुर्जनन ने उक्त भूमि पर मिट्टी और रेत डालकर मकान निर्माण शुरू कर दिया है। यह भूमि सार्वजनिक उपयोग के लिए सुरक्षित थी और इसे मां दुर्गा मंदिर निर्माण हेतु पंचायत द्वारा प्रस्तावित किया गया था।
महिला समूह का कहना है कि अवैध कब्जे के कारण ग्रामीणों में आक्रोश है और इस भूमि पर कब्जा सार्वजनिक हितों के खिलाफ है। शिकायतकर्ताओं ने कहा कि यह भूमि गांव के सामुदायिक विकास और धार्मिक आस्था से जुड़ी है। यदि इस पर अवैध निर्माण जारी रहा तो गांव में शांति भंग होने की संभावना है।
महिला समूह ने ज्ञापन में मांग की है कि प्रशासन तुरंत कार्रवाई करते हुए महेंद्र कौशिक के अवैध निर्माण को हटाए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई करे। साथ ही, भूमि को मंदिर निर्माण के लिए सुरक्षित रखा जाए ताकि ग्रामवासियों की धार्मिक आस्था और सामाजिक विकास में बाधा न आए।
ज्ञापन में समस्त महिला समूह की प्रमुख अंजलि बाई, वांछो काई यादव और अन्य सदस्यों के हस्ताक्षर शामिल हैं। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र न्याय दिलाने की अपील की है।
क्या कहना है ग्रामीणों का
महिलाओं का कहना है कि यह मुद्दा न केवल कानूनी बल्कि सामाजिक और धार्मिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। यदि समय रहते समाधान नहीं हुआ तो स्थिति और बिगड़ सकती है।इस मामले में जिला प्रशासन द्वारा अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि जल्द ही न्यायसंगत कार्रवाई होगी।



