पुलिस की गाड़ी देखते ही मौके से भागे युवक, वायरल वीडियो में कथित रूप से आसपास रहने वाले तीन बदमाशों के शामिल होने का दावा, पुलिस ने की घटना की पुष्टि
बिलासपुर। अपोलो अस्पताल के आसपास का इलाका बुधवार की रात चाकूबाजी की घटना से दहल उठा। युवकों के दो गुटों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। घटना के बाद इलाके में देर रात तक चाकू लेकर युवकों के घूमने और चौक के आसपास आने-जाने वाले लोगों को धमकाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बनने की बात सामने आई है।
वायरल वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि इसमें आसपास रहने वाले तीन बदमाशों समेत कुछ युवक दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में कुछ युवक हाथों में चाकू लेकर चौक के आसपास नजर आ रहे हैं। हालांकि, वीडियो की प्रामाणिकता और उसमें दिखाई दे रहे युवकों की पहचान की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
बताया जा रहा है कि बुधवार रात अपोलो अस्पताल के आसपास युवकों के दो गुट आमने-सामने आ गए थे। देखते ही देखते विवाद ने चाकूबाजी का रूप ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस का वाहन देखते ही वहां मौजूद युवक भाग निकले। इसके बाद भी आधी रात तक चाकू लेकर युवकों के घूमने और राहगीरों को धमकाने का वीडियो सामने आने से इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
सीएसपी ने की चाकूबाजी की घटना की पुष्टि
सरकंडा सीएसपी टीपी यादव ने चाकूबाजी की घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी, लेकिन पुलिस का वाहन देखकर वहां मौजूद युवक भाग निकले। फिलहाल मामले में एफआईआर दर्ज नहीं कराई गई है। वायरल वीडियो और उसमें दिखाई दे रहे युवकों की पहचान की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
