मनोज कुमार पांडेय ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल को बताया किसान हितैषी, बिलासपुर में अधिकारियों से समझी धान खरीदी की पूरी व्यवस्था
बिलासपुर। किसानों को 21 क्विंटल प्रति एकड़ की निर्धारित सीमा से कम धान बेचने पर भी पूरी आदान सहायता देने के छत्तीसगढ़ सरकार के फैसले की उत्तर प्रदेश के खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने सराहना की है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की इस पहल को किसान हितैषी बताते हुए कहा कि कम मात्रा में धान बेचने वाले किसानों को भी पूरी सहायता का लाभ देना उनके आर्थिक हितों की दृष्टि से महत्वपूर्ण कदम है।

8
निजी कार्यक्रम में शामिल होने बिलासपुर पहुंचे उत्तर प्रदेश के खाद्य मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने मंगलवार को सर्किट हाउस में खाद्य विभाग और सहकारी बैंक के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ में धान खरीदी की पूरी प्रक्रिया, किसानों के पंजीयन से लेकर टोकन व्यवस्था, उपार्जन केंद्रों की सुविधाओं, धान की तौल और भुगतान तक की व्यवस्था की जानकारी ली।
चर्चा के दौरान अधिकारियों ने उन्हें बताया कि राज्य सरकार ने निर्धारित 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम धान बेचने वाले किसानों को भी पूरी आदान सहायता देने का प्रावधान किया है। इससे ऐसे किसानों को राहत मिलेगी, जो अपनी घरेलू जरूरतों या अन्य कारणों से पूरी निर्धारित मात्रा में धान का विक्रय नहीं करते हैं। उन्हें कम धान बेचने के बावजूद आदान सहायता का पूरा लाभ मिल सकेगा।
मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने इस व्यवस्था की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्णय को किसानों के हित में अच्छी पहल बताया। उनके मुताबिक, यह व्यवस्था किसानों को अपनी उपज का कुछ हिस्सा अपने उपयोग के लिए सुरक्षित रखने और शेष धान बेचने की सुविधा देने के साथ आर्थिक सुरक्षा भी प्रदान करती है।
बैठक में उत्तर प्रदेश के मंत्री ने छत्तीसगढ़ में खाद्य विभाग की ओर से संचालित योजनाओं और सार्वजनिक वितरण प्रणाली की प्रगति की भी जानकारी ली। अधिकारियों ने विभागीय गतिविधियों और हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए किए जा रहे कार्यों से उन्हें अवगत कराया। चर्चा में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और किसानों एवं हितग्राहियों को मिलने वाली सुविधाओं से जुड़े विषय भी शामिल रहे।
इस अवसर पर खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर, जिला प्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम नितिन दीवान, जिला विपणन अधिकारी उपेंद्र खांडे, खाद्य अधिकारी राजीव लोचन तिवारी, सहकारी केंद्रीय बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रभात मिश्रा , नोडल अधिकारी आशीष दुबे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
