मालखरौदा के बीईओ मोहनलाल प्रधान पर पेंशन प्रकरण लटकाने और आर्थिक शोषण के उद्देश्य से कर्मचारियों को घुमाने का आरोप, कमिश्नर से की शिकायत; 15 दिन का अल्टीमेटम, कार्रवाई नहीं हुई तो होगा धरना-प्रदर्शन
बिलासपुर। सेवानिवृत्ति के पांच महीने बाद भी पेंशन और ग्रेच्युटी जैसी बुनियादी आर्थिक सुविधाओं के लिए शिक्षकों और कर्मचारियों को भटकना पड़ रहा है। मामला विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय मालखरौदा का है, जहां सेवानिवृत्त प्रधान पाठकों और अन्य कर्मचारियों के पेंशन प्रकरण तैयार नहीं होने तथा स्वत्वों का भुगतान अटके रहने का मामला सामने आया है। छत्तीसगढ़ अधिकारी कर्मचारी पेंशनर्स एसोसिएशन ने इसके लिए विकासखंड शिक्षा अधिकारी मोहनलाल प्रधान को जिम्मेदार ठहराते हुए उनके निलंबन की मांग की है।


संगठन के संभागीय अध्यक्ष जेपी उपाध्याय एवं सचिव रामकुमार यादव ने बिलासपुर संभाग के कमिश्नर सुनील जैन से मुलाकात कर पूरे मामले की शिकायत की। उन्होंने बताया कि मालखरौदा विकासखंड में पदस्थ रहे चंद्र कुमार चंद्रा, सरिता जायसवाल, रामचंद्र खूंटे, सुशीला वर्मा सहित अनेक प्रधान पाठक एवं कर्मचारी 30 जून 2026 को सेवानिवृत्त हो चुके हैं। इसके बावजूद संबंधित विकासखंड शिक्षा अधिकारी द्वारा उनके पेंशन प्रकरण तैयार करने और अन्य स्वत्वों के भुगतान की प्रक्रिया पूरी नहीं की गई है।
संगठन ने आरोप लगाया कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों को आर्थिक शोषण के उद्देश्य से कार्यालय के चक्कर लगवाए जा रहे हैं। स्थिति यह है कि कई सेवानिवृत्त शिक्षक गंभीर बीमारियों से जूझ रहे हैं और सेवानिवृत्ति के बाद आर्थिक परेशानियों के कारण अपनी आवश्यक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने में भी असमर्थ हो गए हैं। पांच महीने बीतने के बाद भी पेंशन, ग्रेच्युटी सहित अन्य देयकों का भुगतान नहीं होना कर्मचारियों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा कर रहा है।
एक साल पहले तैयार होना था पेंशन प्रकरण, फिर भी पांच महीने से भुगतान अटका
पेंशनर्स एसोसिएशन ने शासन के नियमों का हवाला देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग का स्पष्ट निर्देश है कि सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों के पेंशन प्रकरण की तैयारी एक वर्ष पूर्व ही कर ली जाए, ताकि सेवानिवृत्ति के तत्काल बाद उन्हें पेंशन और अन्य स्वत्वों का लाभ मिल सके। इसके बावजूद मालखरौदा के संबंधित अधिकारी द्वारा कथित तौर पर अपने आर्थिक उद्देश्यों की पूर्ति के लिए पेंशन प्रकरणों को लंबित रखा गया है।
संगठन का कहना है कि नियमित पेंशन और ग्रेच्युटी का भुगतान तो दूर, शासन के नियमानुसार अंतरिम पेंशन एवं अंतरिम ग्रेच्युटी तक जारी नहीं की गई है। इससे सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाली आर्थिक सुरक्षा से भी वंचित होना पड़ रहा है।
निलंबन और अंतरिम भुगतान की मांग, 15 दिन का अल्टीमेटम
छत्तीसगढ़ अधिकारी कर्मचारी पेंशनर्स एसोसिएशन ने कमिश्नर से मांग की है कि विकासखंड शिक्षा अधिकारी मालखरौदा मोहनलाल प्रधान के विरुद्ध पूरे प्रकरण की जांच कराई जाए और आरोपों के आधार पर उन्हें निलंबित किया जाए। साथ ही अंतिम पेंशन भुगतान की प्रक्रिया पूरी होने तक पेंशनरों की आर्थिक स्थिति को देखते हुए अंतरिम राहत प्रदान की जाए तथा तत्काल अंतरिम पेंशन एवं ग्रेच्युटी का भुगतान कराया जाए।
संगठन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 15 दिनों के भीतर मामले में कार्रवाई नहीं की गई तो उसे धरना-प्रदर्शन के लिए मजबूर होना पड़ेगा। इसकी संपूर्ण जवाबदारी शासन की होगी। शिकायत कमिश्नर को सौंपने के दौरान संगठन के संभागीय अध्यक्ष जेपी उपाध्याय एवं सचिव रामकुमार यादव मौजूद रहे।
