Latest news

बिलासपुर में अपराधियों पर पुलिस का ‘सर्जिकल स्ट्राइक’, ताबड़तोड़ एक्शन… लुटेरे, हत्यारे, चाकूबाज, चोर और फरार वारंटी सलाखों के पीछे

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
7 Min Read

कोर्ट में हंगामा करने वालों से लेकर पिता के हत्यारे बेटे तक गिरफ्तार, ढाबा संचालक को जिंदा जलाने की साजिश नाकाम, अंतरराज्यीय चोर गिरोह बेनकाब, लगातार कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप

बिलासपुर।
जिले में पिछले सात दिनों के भीतर बिलासपुर पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ ऐसा अभियान चलाया, जिसने अपराध जगत में खलबली मचा दी। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक लूट, हत्या, चोरी, चाकूबाजी, हत्या के प्रयास, फरार वारंटियों और कोर्ट में शासकीय कार्य में बाधा डालने वाले आरोपियों पर लगातार कार्रवाई की गई। पुलिस ने अलग-अलग मामलों में दर्जनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। कई मामलों का खुलासा घंटों के भीतर किया गया, जबकि अंतरराज्यीय चोर गिरोह तक पुलिस की पहुंच बन गई। इस दौरान धारदार हथियार, चोरी की मोटरसाइकिल, लूट की रकम, वारदात में प्रयुक्त वाहन और अन्य साक्ष्य भी जब्त किए गए।


केस-1 : कोर्ट परिसर में हंगामा, पुलिस से धक्का-मुक्की… मुख्य आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर के न्यायालय परिसर में न्यायिक प्रक्रिया के दौरान शासकीय कार्य में बाधा डालने वाले मामले में सिविल लाइन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के एक आरोपी को कोर्ट में पेश किए जाने के दौरान अमृतदास डहरिया और उसके साथियों ने हंगामा शुरू कर दिया। पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की, गाली-गलौज, आरोपी को छुड़ाने की कोशिश और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है।
घटना की रिपोर्ट पर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया। मुख्य आरोपी अमृतदास डहरिया को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
केस-2 : शराब के नशे में बेटे ने पिता का सिर फोड़ दिया, मौके पर मौत
रतनपुर थाना क्षेत्र के नवागांव (गिरजाबंद) में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई। शराब के नशे में घर पहुंचे शिवचरण सूर्यवंशी उर्फ पिंटू को उसके पिता रिखीराम सूर्यवंशी ने डांट दिया। इसी बात पर आरोपी ने पास पड़े लकड़ी के डंडे से पिता के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
गंभीर चोट लगने से पिता की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के कुछ ही समय बाद पुलिस ने आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर हत्या के मामले में जेल भेज दिया।
केस-3 : ढाबा संचालक पर पेट्रोल छिड़ककर जिंदा जलाने की कोशिश, 6 आरोपी गिरफ्तार
सकरी थाना क्षेत्र में ढाबा संचालक इस्माइल खान उर्फ सोनू पर जानलेवा हमला किया गया। आरोपियों ने पहले सीसीटीवी फुटेज देखने के बहाने विवाद किया, फिर अगले दिन छह लोगों के साथ पहुंचे।
आरोपियों ने ढाबा संचालक और कर्मचारियों से मारपीट की, पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने की कोशिश की और बटनदार चाकू दिखाकर दहशत फैलाई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संकेत जायसवाल उर्फ छोटू, राजवीर बाबरा, लारेन फ्रांसिस, राहुल गहरवरिया, आर्यन दुबे उर्फ तुषार और राहुल श्रीवास्तव को गिरफ्तार किया। घटना में प्रयुक्त बटनदार चाकू सहित अन्य सामग्री और सीसीटीवी फुटेज जब्त कर सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया।
केस-4 : अंतरराज्यीय चोर गिरोह गिरफ्तार, कई राज्यों में दर्ज हैं केस
तारबाहर पुलिस ने रेलवे ऑफिसर्स कॉलोनी में चोरी की कोशिश करने वाले दो अंतरराज्यीय चोरों को गिरफ्तार किया।
आरोपी मोहम्मद नासिर (नई दिल्ली) और हासिम (मेरठ) सूने मकानों की रेकी कर चोरी करते थे। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पहचान हुई। दोनों पहले से दुर्ग जेल में बंद मिले, जहां से प्रोडक्शन वारंट पर लाकर पूछताछ की गई।
पुलिस ने चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की। दोनों के खिलाफ छत्तीसगढ़ के अलावा दिल्ली, मेरठ और चंडीगढ़ में भी चोरी के कई मामले दर्ज हैं।
केस-5 : लूट के चार आरोपी घंटों में गिरफ्तार, नगदी और बाइक बरामद
रतनपुर-कोटा मार्ग पर देर रात दो बाइक सवार गिरोह ने दो लोगों को रोककर लूट की वारदात को अंजाम दिया। एक युवक से पांच हजार रुपए और दूसरे से 15 हजार रुपए तथा मोबाइल लूट लिया गया।
रतनपुर पुलिस ने रातभर घेराबंदी कर राजा सारथी, शिवप्रसाद यादव, अनवर खान और ओमप्रकाश पोर्ते को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से 6300 रुपए नगद तथा वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस के अनुसार आरोपी पहले भी लूट की घटनाओं में शामिल रह चुके हैं।
केस-6 : चाकूबाजों पर पुलिस का शिकंजा, अलग-अलग थाना क्षेत्रों में ताबड़तोड़ गिरफ्तारी
पिछले सप्ताह बिलासपुर पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर चाकू लहराकर दहशत फैलाने वाले आरोपियों पर लगातार कार्रवाई की।
सिटी कोतवाली में दीपमणी कौशिक को रिवर व्यू के पास चाकू लहराते गिरफ्तार किया गया।
चकरभाठा में राहुल दास मानिकपुरी उर्फ राजा को रहंगी चौक से धारदार छुरी सहित पकड़ा गया।
रतनपुर में परमेश्वर केंवट उर्फ पेशू और रूपेश साहू को अलग-अलग स्थानों से दो धारदार चाकुओं के साथ गिरफ्तार किया गया।
सभी मामलों में आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया।
केस-7 : बाइक चोर गिरफ्तार, 10 फरार वारंटी भी दबोचे
तोरवा पुलिस ने घर के बाहर से चोरी हुई हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल का खुलासा करते हुए जांजगीर-चांपा निवासी विनोद गोड को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से चोरी की बाइक बरामद कर ली गई।
इसी दौरान दो पुराने निगरानी बदमाश शंकर गंगोत्री उर्फ दीपु और निलेश सोनकर पर भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर जेल भेजा गया।
उधर सिटी कोतवाली पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर दो स्थायी वारंट और आठ गिरफ्तारी वारंट तामील किए। लंबे समय से फरार चल रहे दस वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जबकि छह अन्य वारंटी पहले से विभिन्न जेलों में निरुद्ध मिले।
अपराधियों पर लगातार दबाव, पूरे जिले में हाई अलर्ट
लगातार कार्रवाई के दौरान पुलिस ने हत्या, लूट, चोरी, हत्या के प्रयास, चाकूबाजी, वारंटी गिरफ्तारी और शासकीय कार्य में बाधा जैसे गंभीर मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चलाए गए अभियान के दौरान हथियार, चोरी की बाइक, लूट की नगदी और वारदात में प्रयुक्त वाहन बरामद किए गए। पिछले एक सप्ताह में हुई इन लगातार कार्रवाइयों ने जिले में सक्रिय अपराधियों के नेटवर्क पर बड़ा दबाव बनाया है और पुलिस की आक्रामक कार्रवाई चर्चा का विषय बनी हुई है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।