Latest news

CM ने ली बिलासपुर की सुध, जलभराव वाले इलाकों में राहत तेज करने का फरमान, कहा- प्रभावित परिवारों तक बिना देरी पहुंचे मदद

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
2 Min Read

बिलासपुर/रायपुर, 18 जुलाई। बिलासपुर में लगातार हो रही अतिवृष्टि और जलभराव की गंभीर स्थिति के बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने साफ कहा है कि जिला प्रशासन पूरी सतर्कता और तत्परता के साथ काम करते हुए हर प्रभावित और जरूरतमंद परिवार तक समय पर राहत सामग्री एवं आवश्यक सहायता पहुंचाना सुनिश्चित करे। उन्होंने राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं बरतने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने बिलासपुर सहित जांजगीर-चांपा जिले की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रभावित इलाकों में भोजन, पेयजल, चिकित्सा सुविधा और अन्य जरूरी राहत सामग्री बिना किसी विलंब के उपलब्ध कराई जाए। इसके साथ ही जलभराव वाले क्षेत्रों से पानी की निकासी, क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत और जनसुविधाओं को जल्द से जल्द सामान्य करने के लिए सभी उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है और प्रभावित क्षेत्रों की निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त संसाधन और सहायता भी तत्काल उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि राहत एवं बचाव कार्य प्रभावित न हों।
उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों की सुरक्षा और हर प्रभावित परिवार तक समय पर राहत पहुंचाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सरकार पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ प्रभावित नागरिकों के साथ खड़ी है तथा सामान्य जनजीवन को जल्द बहाल करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।