
व्यापार विहार सब-स्टेशन में पानी भरने से आधी रात से सुबह तक बड़े हिस्से की बिजली ठप रही। नगर निगम के मड पंप से निकला पानी, सुबह बहाल हुई सप्लाई। उधर तोरवा समेत कई इलाकों में जलभराव के बीच सड़कों के गड्ढों ने बढ़ाई लोगों की मुश्किलें
बिलासपुर। रिकॉर्डतोड़ बारिश के बाद शुक्रवार को शहर की मुश्किलें केवल जलभराव तक सीमित नहीं रहीं। व्यापार विहार स्थित त्रिवेणी भवन के बिजली सब-स्टेशन में पानी भर जाने से शहर के बड़े हिस्से की बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। देर रात से लेकर शनिवार सुबह तक हजारों लोग अंधेरे में रहे। बिजली बंद होने से पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हुई और लोगों को पीने के पानी से लेकर रोजमर्रा की जरूरतों तक के लिए परेशानी का सामना करना पड़ा।
बिजली कंपनी और नगर निगम की संयुक्त मशक्कत के बाद सब-स्टेशन से पानी निकाला गया, जिसके बाद शनिवार सुबह करीब 5:30 बजे बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी।
सब-स्टेशन बना संकट का केंद्र
भारी बारिश के कारण व्यापार विहार स्थित त्रिवेणी भवन सब-स्टेशन पूरी तरह पानी से घिर गया। सुरक्षा कारणों से बिजली आपूर्ति रोकनी पड़ी। इसके चलते तारबहार, आधा तालापारा, विनोबा नगर, विद्यानगर, क्रांति नगर, व्यापार विहार, वैशाली नगर, हंसा विहार, साकेत अपार्टमेंट, लिंक रोड, उषा हाइट्स, मित्र विहार, जैकअप चाल, अग्रेशन चौक सहित अनेक कॉलोनियों और अपार्टमेंट में पूरी रात बिजली गुल रही।
बिजली नहीं रहने से मोटर पंप बंद रहे और अधिकांश घरों में पानी की आपूर्ति भी ठप हो गई। लोगों को अंधेरे और पेयजल संकट दोनों से जूझना पड़ा।
मड पंप से निकला पानी, सुबह लौटी बिजली
सब-स्टेशन में भरे पानी को निकालने के लिए नगर निगम का मड पंप मंगाया गया। पूरी रात चले अभियान के बाद शनिवार सुबह करीब 5:30 बजे पानी निकालने का काम पूरा हुआ, जिसके बाद बिजली आपूर्ति धीरे-धीरे सामान्य हो सकी।
इस अभियान में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, बिजली विभाग के कर्मचारियों और नगर निगम की टीम ने लगातार मौके पर रहकर काम किया। स्थानीय स्तर पर बताया गया कि शेख अलीमुद्दीन, इरशाद अली, नगर निगम के मड पंप दल और सब-स्टेशन के कर्मचारियों ने पूरी रात राहत कार्य में सहयोग किया।
जलभराव के बाद अब गड्ढों का खतरा
बारिश के बाद अब शहर में एक नई समस्या सामने आने लगी है। तोरवा सहित कई इलाकों में सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे उभर आए हैं। कई जगह डामर उखड़ गया है, जबकि कई गड्ढे पानी से भरे होने के कारण दिखाई नहीं दे रहे। स्थानीय लोगों के अनुसार इससे दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों के लिए दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है।
शहर के अलग-अलग हिस्सों से गड्ढों और क्षतिग्रस्त सड़कों के वीडियो और तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनमें कई मार्गों पर सड़क की परत उखड़ी हुई और जलभराव के बीच गहरे गड्ढे दिखाई दे रहे हैं।
जलभराव के बाद बढ़ीं नागरिकों की मुश्किलें
भारी बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में जलभराव, बिजली संकट, पेयजल आपूर्ति में बाधा, कीचड़, क्षतिग्रस्त सड़कें और यातायात अव्यवस्था एक साथ सामने आई। कई कॉलोनियों में लोग देर रात तक घरों और दुकानों से पानी निकालते रहे, जबकि दूसरी ओर बिजली बहाल होने का इंतजार करते रहे।
बारिश के बाद सामने आई इन समस्याओं ने यह संकेत दिया कि शहर अब केवल जलभराव ही नहीं, बल्कि बिजली व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति और क्षतिग्रस्त सड़क जैसे कई मोर्चों पर एक साथ चुनौतियों का सामना कर रहा है।



