Latest news

रामलला के दरबार में चोरी के विरोध में बिलासपुर में निकलेगी ‘श्रीराम श्रद्धा पदयात्रा’

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

11 जुलाई को तिलक नगर हनुमान मंदिर से महामाया मंदिर तक होगी यात्रा; दोषियों पर कठोर कार्रवाई की उठेगी मांग
बिलासपुर। अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चोरी की घटना के विरोध में बिलासपुर में 11 जुलाई को ‘श्रीराम श्रद्धा पदयात्रा’ निकाली जाएगी। आयोजकों का कहना है कि यह यात्रा करोड़ों रामभक्तों की आस्था और भावनाओं के सम्मान के लिए आयोजित की जा रही है। पदयात्रा के माध्यम से घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग भी की जाएगी।
जारी जानकारी के अनुसार, शनिवार 11 जुलाई को दोपहर 3 बजे तिलक नगर स्थित हनुमान मंदिर से यात्रा शुरू होकर माँ महामाया मंदिर तक पहुंचेगी। आयोजकों ने इसे पूरी तरह धार्मिक और श्रद्धा आधारित आयोजन बताते हुए कहा है कि इसका उद्देश्य किसी भी प्रकार की राजनीतिक गतिविधि नहीं है।
आयोजकों का कहना है कि श्रीराम जन्मभूमि मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था, विश्वास और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक है। मंदिर निर्माण में देशभर के लोगों ने अपनी श्रद्धानुसार योगदान दिया था। बिलासपुर जिले के भी हजारों परिवारों ने अंशदान कर मंदिर निर्माण में सहभागिता निभाई थी। ऐसे पवित्र स्थल में चोरी की घटना से श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुई हैं।
पदयात्रा के माध्यम से शासन और जांच एजेंसियों से घटना की त्वरित, निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराने तथा दोषियों को कठोरतम दंड देने की मांग की जाएगी। आयोजकों का कहना है कि इससे भविष्य में किसी भी धार्मिक स्थल की सुरक्षा और गरिमा से खिलवाड़ करने की घटनाओं पर रोक लगेगी।
आयोजन समिति ने जिले के श्रद्धालुओं, संत-महात्माओं, सामाजिक संगठनों, व्यापारियों, युवाओं, मातृशक्ति और आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को केवल तिलक नगर हनुमान मंदिर से ही नहीं, बल्कि यात्रा मार्ग में अपने-अपने क्षेत्र, वार्ड और चौक से भी पदयात्रा में शामिल होकर महामाया मंदिर तक पहुंचना चाहिए।
आयोजकों की प्रमुख मांगें
अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में हुई चोरी की निष्पक्ष जांच।
दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई।
धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाए।
श्रद्धालुओं की आस्था और धार्मिक स्थलों की गरिमा की रक्षा सुनिश्चित की जाए।
यह आयोजन पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं बेलतरा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी विजय केशरवानी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के आधार पर प्रस्तावित कार्यक्रम की जानकारी है। खबर में व्यक्त मांगें और दावे आयोजकों के हैं।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।