
जून का महीना :बारिश कम होने से आम लोगों के छूटे पसीने तो हिंसक घटनाओं से पुलिस भी रही परेशान
सरकंडा, तोरवा, सिटी कोतवाली, सकरी, रतनपुर, बिल्हा, मल्हार, बेलगहना, कोटा, तखतपुर… शायद ही कोई इलाका बचा हो जहां पिछले कुछ दिनों में अपराधियों ने अपना खूनी चेहरा न दिखाया हो। कहीं पुरानी रंजिश में वाहन से कुचलने की कोशिश हुई, तो कहीं घर में घुसकर तलवार चली। कहीं स्कूल में चापड़ लेकर आरोपी पहुंच गया, तो कहीं अपहरण कर जंगल में ले जाकर 50 हजार की फिरौती मांगी गई।
पहला वार… पहले कुचलने की कोशिश, फिर ईंट-लाठी और तलवार से हमला
सरकंडा के अपोलो चौक लिंगियाडीह में पुरानी रंजिश ने खूनी रूप ले लिया। सड़क किनारे खड़े युवकों को पहले “छोटा हाथी” वाहन से कुचलने की कोशिश की गई। बचने पर आरोपियों ने ईंट, लाठी और तलवार से ताबड़तोड़ हमला बोल दिया।
घायल जान बचाने के लिए एक मकान में घुस गए, लेकिन हमलावर वहां भी पीछे-पीछे पहुंच गए और घर के भीतर घुसकर बेरहमी से मारपीट करते रहे। आदित्य सिंह के सिर पर गंभीर चोट आई और उसे सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सरकंडा पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चार आरोपियों और एक अपचारी बालक को गिरफ्तार कर तलवार जब्त कर ली।
स्कूल बना दहशत का मैदान
कोटा के बेलगहना क्षेत्र में सरकारी प्राथमिक स्कूल उस वक्त दहशत में बदल गया जब एक व्यक्ति हाथ में धारदार चापड़ लेकर स्कूल परिसर में घुस गया।
बच्चे सहम गए… शिक्षक डर गए… आरोपी खुलेआम हथियार लहराकर धमकियां देता रहा। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।









नाली के विवाद में 15 लोगों का हमला
सरकंडा के चिंगराजपारा में नाली में पेशाब करने की बात पर ऐसा खूनी विवाद हुआ कि करीब 15 लोग हथियार लेकर टूट पड़े।
डंडे, चाकू और धारदार हथियारों से कई लोगों पर हमला किया गया। महिलाओं तक को नहीं छोड़ा गया। पुलिस अब तक चार आरोपियों और सात अपचारी बालकों को पकड़ चुकी है, जबकि फरार आरोपी अमन अहिरवार को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
ब्लेड से गर्दन चीरकर महाराष्ट्र भागा
सिटी कोतवाली क्षेत्र में मामूली विवाद के बाद साहिल बर्मन की गर्दन पर ब्लेड से हमला किया गया।
वार इतना खतरनाक था कि आरोपी मौके से भागकर सीधे महाराष्ट्र पहुंच गया। लगातार तलाश के बाद पुलिस ने रेलवे स्टेशन के पास घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया और घटना में प्रयुक्त ब्लेड व स्कूटी बरामद कर ली।
अपहरण… जंगल… गांजा… फिरौती… पूरी फिल्मी पटकथा
रतनपुर में युवक का अपहरण किया गया।
गले पर चाकू टिकाकर उसे जंगल ले जाया गया। वहां गांजा रखकर उसकी तस्वीरें खींची गईं और फिर परिवार को फोन कर कहा गया—50 हजार रुपए लेकर आओ, नहीं तो अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहो।
पुलिस ने घेराबंदी कर एक आरोपी और एक अपचारी बालक को गिरफ्तार कर लिया, जबकि बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।
शराब के पैसे नहीं दिए… कान दांत से काट डाला
मल्हार में शराब के लिए पैसे मांगने पर इंकार हुआ तो आरोपी ने युवक का कान दांत से काटकर अलग कर दिया।
घटना के कुछ ही घंटों में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
बारात का डीजे… और खून से लाल हो गया डांस फ्लोर
बिल्हा में बारात के दौरान डीजे पर नाचते समय हाथ लगने जैसी मामूली बात ने खूनी रूप ले लिया।
धारदार हथियार से हमला कर युवक को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। आरोपी को बाद में गिरफ्तार कर चाकू जब्त कर लिया गया।
सड़क पर खुलेआम चाकू और तलवार का आतंक
रतनपुर, तोरवा और जरहाभाठा में अलग-अलग घटनाओं में आरोपी सरेआम चाकू और तलवार लहराते मिले।
कहीं राहगीरों को धमकाया गया… कहीं भीड़ के बीच हथियार चमकाए गए… कहीं धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान जेब में चाकू लेकर आरोपी घूमता मिला।
एक आरोपी ने तो पुलिस लॉकअप के भीतर मुंह में छिपाकर रखे ब्लेड से खुद पर हमला कर हड़कंप मचा दिया।
शराब के पैसे नहीं मिले… सड़क पर रोककर पीटा
सकरी में बाइक सवार युवक को बीच सड़क रोककर शराब पीने के लिए पैसे मांगे गए।
मना करने पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी गई। दो आरोपी गिरफ्तार हुए जबकि एक फरार है।
गांव-गांव में तनाव… पुलिस ने एक साथ 13 लोगों को उठाया
सकरी क्षेत्र में अलग-अलग विवादों के बाद कई गांवों में लगातार तनाव बना रहा।
आमने-सामने आ रहे दोनों पक्षों को पुलिस ने पकड़कर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की और 13 लोगों को न्यायालय में पेश किया।
शहर, आउटर और देहात… हर तरफ एक जैसी तस्वीर
सरकंडा में गैंगवार…
तोरवा में चाकूबाज…
सिटी कोतवाली में ब्लेड से हमला…
रतनपुर में अपहरण और फिरौती…
बेलगहना में स्कूल में चापड़…
मल्हार में कान काटने की वारदात…
बिल्हा में बारात में खूनी हमला…
सकरी में शराब के पैसों को लेकर मारपीट…
जरहाभाठा में कार्यक्रम के बीच चाकू…
और गांवों में लगातार हिंसक झगड़े…
जून का क्राइम ट्रेकर ….शहर से आउटर और देहात तक हथियारबाजों का नेटवर्क, लगातार होती कार्रवाई
1 जून | सिविल लाइन
युवती से विवाह के विवाद में युवक पर चाकू से हमला। फरार आरोपी को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार किया।
1 जून | चकरभाठा
आईपीएल जीत का जश्न खूनी संघर्ष में बदला। युवक पर जानलेवा हमला, तीन आरोपी और एक नाबालिग हिरासत में।
1 जून | तखतपुर
गड़ासे से सिर पर प्राणघातक हमला करने वाला आरोपी कुछ घंटों में गिरफ्तार।
2 जून | तोरवा
रेलवे स्टेशन के पास चाकू लहराकर दहशत फैलाने वाले दो बदमाश गिरफ्तार।
2 जून | तोरवा
हिस्ट्रीशीटर और छह चाकूबाजों को थाना तलब कर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई।
3 जून | मल्हार
लोहे की पट्टी से हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार, हथियार जब्त।
3 जून | सरकंडा
अशोक नगर में बटनदार चाकू लहराकर लोगों को डराने वाला आरोपी गिरफ्तार।
7 जून | चकरभाठा
ट्रांसपोर्ट नगर पार्किंग के पास चाकू लहराने वाला बदमाश गिरफ्तार।
7 जून | तारबाहर
जिला अस्पताल के सामने चाकू लेकर दहशत फैलाने वाला आरोपी गिरफ्तार।
8 जून | सिरगिट्टी
फल व्यापारी पर जानलेवा चाकू हमला, आरोपी रायपुर से गिरफ्तार।
11 जून | कोटा
चरित्र शंका में पत्थर से सिर कुचलकर हत्या करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार।
11 जून | चकरभाठा
एक्टिवा पर चाकू लहराते घूम रहे युवक को पुलिस ने दबोचा।
15 जून | रतनपुर
फरसा और चाकू लहराकर लोगों को डराने वाला आरोपी गिरफ्तार।
15 जून | मस्तुरी
ग्राम भनेसर में बटनदार चाकू लहराने वाला आरोपी गिरफ्तार।
15 जून | चकरभाठा
तलवार और गड़ासा लेकर दहशत फैलाने वाले दो बदमाश गिरफ्तार।
16 जून | सिरगिट्टी
19 वर्षीय युवक का शव मिला, हत्या की पुष्टि। दो संदेही हिरासत में।
16 जून | सिविल लाइन
पति ने पत्नी पर चापड़ से हमला कर हत्या की, पुलिस जांच में जुटी।
17 जून | सिरगिट्टी
कबाड़ी दुकान में बंधक बनाकर मारपीट और लूट, दो आरोपी गिरफ्तार।
17 जून | सिविल लाइन
पारिवारिक विवाद में चाकू लेकर दौड़े युवक ने पुलिसकर्मी पर डंडे से हमला।
17 जून | सरकंडा
सार्वजनिक स्थान पर तलवार लहराकर दहशत फैलाने वाला आरोपी गिरफ्तार।
19 जून | बिल्हा
हिस्ट्रीशीटर पर कार्रवाई, ट्रक चालकों से अवैध उगाही और मारपीट के आरोप में गिरफ्तारी।
19 जून | रतनपुर
लखनीदेवी गार्डन के सामने चाकू दिखाकर लोगों को डराने वाला बदमाश गिरफ्तार।
20 जून | सिटी कोतवाली
पचरी घाट और ज्वाली नाला में चाकू लहराने वाले दो आरोपी गिरफ्तार।
20 जून | मल्हार
कैंची से हमला कर गंभीर चोट पहुंचाने वाला आरोपी गिरफ्तार।
बिलासपुर के शहर, आउटर और देहात की यह तस्वीर पिछले कुछ दिनों में सामने आई उन घटनाओं की है, जिनमें हर दिन किसी न किसी इलाके से हथियार, हमला और खून-खराबे की खबर निकलकर सामने आती रही।
जून माह में हत्या समेत बड़ी संख्या में हिंसक वारदात हुई है।



