बिलासपुर।
बिलासपुर जिले में अपराधियों ने पिछले दिनों चोरी की वारदातों से पुलिस के लिए बड़ी चुनौती खड़ी कर दी थी। कहीं बाइकें गायब हो रही थीं, कहीं ज्वेलर्स को निशाना बनाया जा रहा था, तो कहीं बकरा-बकरी चोरी करने वाला अंतरराज्यीय गिरोह सक्रिय था। दूसरी ओर गांव की मोबाइल दुकान तक चोरों के निशाने पर आ गई। लेकिन बिलासपुर पुलिस ने लगातार कार्रवाई करते हुए एक के बाद एक चार बड़े मामलों का खुलासा कर दिया। इन कार्रवाइयों में लाखों रुपए का मशरूका बरामद हुआ, कई शातिर आरोपी गिरफ्तार किए गए और चोरी का सामान खरीदने वालों पर भी शिकंजा कसा गया।
इन चारों मामलों से साफ है कि जिले में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। खास बात यह रही कि कई मामलों में साइबर सेल, एसीसीयू और स्थानीय थानों ने संयुक्त कार्रवाई कर अपराधियों तक पहुंच बनाई।




केस -1 : बिना नंबर की बाइक बनी सुराग, कोटा पुलिस ने दबोचा शातिर वाहन चोर
कोटा थाना क्षेत्र में ग्राम गनियारी स्थित शराब भट्ठी के पास इमली के पेड़ के नीचे खड़ी बिना नंबर प्लेट की एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। पीड़ित राजू आदिवासी की शिकायत पर अपराध क्रमांक 482/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने घुरू अमेरी में दबिश देकर आरोपी ओमप्रकाश यादव (25) निवासी घुरू अमेरी, थाना सकरी को भागते समय गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई करीब 40 हजार रुपए कीमत की बिना नंबर प्लेट वाली एचएफ डीलक्स बाइक बरामद की गई।
पूरी कार्रवाई डीआईजी एवं एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह तथा एसडीओपी कोटा नुपूर उपाध्याय के मार्गदर्शन में की गई। प्रशिक्षु डीएसपी आकाश चौधरी सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
केस -2 : चार महीने बाद खुला ज्वेलर्स चोरी का राज, बिहार-छत्तीसगढ़ गैंग गिरफ्तार, 6.80 लाख का माल बरामद
सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम खम्हरिया स्थित रमेश ज्वेलर्स में 20 फरवरी 2026 की शाम बेहद शातिर तरीके से चोरी की वारदात हुई थी। दुकान संचालक विभूति विनय सोनी दुकान बंद कर रहे थे। उसी दौरान बदमाशों ने सोना-चांदी और एक लाख रुपए नकदी से भरे दो बैग लेकर बाइक से फरार हो गए।
पुलिस ने 200 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले, लेकिन गिरोह का सुराग नहीं मिला। बाद में पेंड्रा पुलिस द्वारा दूसरे अपराध में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान इस वारदात का खुलासा हुआ।
पुलिस ने खुशीराम साहू, मनीष उर्फ राहुल मंडल (बिहार), राजाराम साहू और चोरी का माल खरीदने वाले दीपक वर्मा को गिरफ्तार किया।
बरामदगी में शामिल हैं—
2.88 किलोग्राम चांदी के जेवर
13.30 ग्राम सोने के जेवर
वारदात में प्रयुक्त एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (CG-10-BF-2654)
कुल बरामदगी करीब 6.80 लाख रुपए
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी चोरी का माल आपस में बांट चुके थे। कुछ जेवर बेच दिए गए थे जबकि कुछ अलग-अलग जगह छिपाकर रखे गए थे। पुलिस ने खरीदार तक पहुंचकर भी चोरी का माल बरामद किया।
केस -3 : रात में टूटी बकरी कोठा की दीवार, 19 बकरा-बकरी चोरी; एमपी-यूपी के गैंग सहित 6 गिरफ्तार
रतनपुर थाना क्षेत्र के चकराभाठा गांव में चोरों ने बकरी कोठा की दीवार तोड़कर 19 बकरा-बकरी चोरी कर लिए थे।
जांच में साइबर सेल और रतनपुर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी खेत समतलीकरण का काम मांगने के बहाने गांव-गांव घूमते थे और पहले रेकी कर फिर रात में चोरी करते थे।
गिरफ्तार आरोपियों में मध्यप्रदेश के जबलपुर और उत्तरप्रदेश के अमरोहा के आरोपी शामिल हैं।
आरोपियों ने 19 बकरा-बकरी 1.75 लाख रुपए में बेचने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उनके कब्जे से—
1.50 लाख रुपए नकद
घटना में प्रयुक्त महिंद्रा स्कॉर्पियो
जब्त कर लिया। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
केस -4 : मोबाइल दुकान में सेंध, तीन किशोरों ने की चोरी; 100 प्रतिशत सामान बरामद
सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम मचखंडा में मोबाइल एवं किराना दुकान में रात के समय खिड़की तोड़कर चोरी की गई।
प्रार्थी प्रहलाद कुमार साहू की दुकान से नए कीपैड मोबाइल, एंड्रॉयड मोबाइल, ब्लूटूथ स्पीकर, ईयरबड्स, मोबाइल कवर, परफ्यूम, सिगरेट और नकदी चोरी कर ली गई थी।
मामला दर्ज होते ही पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 18 वर्षीय सूर्यप्रकाश सूर्यवंशी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने दो विधि से संघर्षरत बालकों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गया 100 प्रतिशत सामान बरामद कर लिया, जिसमें—
5 नए कीपैड मोबाइल
रियलमी 5आई मोबाइल
2 ब्लूटूथ स्पीकर
3 ईयरबड्स
मोबाइल कवर
परफ्यूम
सिगरेट
सहित करीब 25 हजार रुपए का सामान शामिल है।
चोरी का माल खरीदा तो खैर नहीं
लगातार हो रही इन कार्रवाइयों के जरिए पुलिस ने साफ संकेत दिया है कि चोरी करने वाले ही नहीं, बल्कि चोरी का माल खरीदने वालों पर भी सख्त कार्रवाई होगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में चोरी, वाहन चोरी और संपत्ति संबंधी अपराधों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। साइबर तकनीक, मुखबिर तंत्र और संयुक्त टीमों की मदद से अपराधियों तक तेजी से पहुंच बनाई जा रही है।
✔ एक सप्ताह में चोरी के चार बड़े मामलों का खुलासा।
✔ बाइक चोर, ज्वेलर्स लूट गैंग, बकरी चोर गिरोह और मोबाइल चोर गिरफ्तार।
✔ लाखों रुपए का मशरूका और वाहन बरामद।
✔ चोरी का माल खरीदने वालों पर भी पुलिस का शिकंजा।
✔ साइबर सेल, एसीसीयू और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से मिली सफलता।



