Latest news

महंगाई की आग में जल रही जनता को पाकिस्तान का नाम लेकर गुमराह करना बंद करे भाजपा : विजय केशरवानी”

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
4 Min Read

पेट्रोल-डीजल, गैस और बिजली के बढ़ते बोझ से परेशान जनता पूछ रही है — राहत कब मिलेगी?

बिलासपुर।

बेलतरा से कांग्रेस के विधायक प्रत्याशी रहे पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजय केशरवानी ने उपमुख्यमंत्री अरुण साव सहित भाजपा नेताओं द्वारा भारत की महंगाई, पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की कीमतों की तुलना पाकिस्तान से किए जाने वाले बयानों पर कड़ा हमला बोला है।

विजय केशरवानी ने कहा कि आज भारत की जनता अपने घर की रसोई, अपने बच्चों की जरूरतों और अपनी मेहनत की कमाई पर बढ़ते बोझ से परेशान है। ऐसे समय में पाकिस्तान का नाम लेकर महंगाई के सवालों को टालना जनता के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा है।

उन्होंने कहा कि जनता यह नहीं पूछ रही कि पाकिस्तान में क्या हाल है, जनता यह पूछ रही है कि भारत में पेट्रोल इतना महंगा क्यों है, डीजल की कीमतों का बोझ किसानों और आम लोगों पर क्यों है, रसोई गैस के बढ़ते दामों से परिवार कैसे राहत पाएंगे और बिजली के बढ़े हुए बिलों का भुगतान गरीब और मध्यम वर्ग कैसे करेगा।

विजय केशरवानी ने कहा कि “पाकिस्तान का नाम लेकर महंगाई की सच्चाई को छिपाया नहीं जा सकता। जिस मां के घर का बजट बिगड़ गया है, जिस किसान की लागत बढ़ गई है, जिस युवा के पास रोजगार नहीं है, उसके दर्द का जवाब किसी दूसरे देश की तुलना नहीं हो सकता।”

उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं को समझना होगा कि जनता भावनाओं का सम्मान करती है, लेकिन भावनाओं के साथ-साथ वह अपने जीवन की कठिनाइयों का समाधान भी चाहती है। राष्ट्र के प्रति प्रेम रखने वाला हर नागरिक चाहता है कि देश मजबूत बने, लेकिन मजबूत देश की पहचान यह भी है कि उसके नागरिकों का जीवन बेहतर हो।

विजय केशरवानी ने कहा कि “सच्ची देशभक्ति यही है कि देश की जनता महंगाई से राहत महसूस करे। जब घर की रसोई महंगी हो जाए, बिजली का बिल बढ़ जाए और रोजगार के अवसर कम हो जाएं, तब जनता के सवालों को पाकिस्तान से जोड़ना समस्या का समाधान नहीं है।”

उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री सहित भाजपा नेताओं को पाकिस्तान की चर्चा करने के बजाय छत्तीसगढ़ के परिवारों की चिंता करनी चाहिए। उन्हें बताना चाहिए कि—

  • पेट्रोल-डीजल की कीमतों में राहत कब मिलेगी?
  • रसोई गैस के बढ़ते दाम कब कम होंगे?
  • बिजली की बढ़ी दरों का बोझ जनता से कब हटेगा?
  • महंगाई से परेशान परिवारों को राहत कब मिलेगी?

विजय केशरवानी ने कहा कि “जनता के दर्द को आंकड़ों और तुलना से नहीं समझा जा सकता। महंगाई हर घर की हकीकत है। पाकिस्तान का नाम लेकर सवालों से बचने की राजनीति अब जनता स्वीकार नहीं करेगी।”

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा आम आदमी, किसान, युवा और मध्यम वर्ग की आवाज उठाती रहेगी और महंगाई के खिलाफ जनता के संघर्ष में मजबूती से खड़ी रहेगी।

— विजय केशरवानी
पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष, बिलासपुर

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।