Latest news

भारतीय नगर मुक्तिधाम का कायाकल्प, डेढ़ करोड़ की लागत से विकसित हुआ आधुनिक अंतिम संस्कार स्थल

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
8 Min Read

सेवा, संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व का अनूठा उदाहरण; विधायक अमर अग्रवाल, महापौर पूजा विधानी, आईजी, कलेक्टर और एसएसपी ने किया अवलोकन व वृक्षारोपण

बिलासपुर। अग्रवाल सेवा समिति द्वारा संचालित भारतीय नगर मुक्तिधाम के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का रविवार को अवलोकन किया गया। इस अवसर पर आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में विधायक अमर अग्रवाल, महापौर पूजा विधानी, पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह, नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, अग्रवाल समाज अध्यक्ष शिव अग्रवाल एवं सचिव सुनील सोंथलिया सहित बड़ी संख्या में सामाजिक एवं प्रशासनिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने मुक्तिधाम परिसर का निरीक्षण कर नीम के पौधे लगाए तथा किए गए विकास कार्यों की सराहना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि मुक्तिधाम केवल अंतिम संस्कार का स्थान नहीं बल्कि मानव जीवन की नश्वरता, करुणा, संवेदना और सेवा मूल्यों का प्रतीक है। ऐसे स्थलों को स्वच्छ, सुरक्षित, व्यवस्थित और गरिमामय बनाना समाज का दायित्व है ताकि दुख की घड़ी में आने वाले परिवारों को सम्मानजनक वातावरण और आवश्यक सुविधाएं प्राप्त हो सकें।
उन्होंने कहा कि अग्रवाल सेवा समिति ने इस कार्य को एक स्थायी जनहितकारी परियोजना के रूप में अपनाया है। समाज के लोगों के सहयोग से यह कार्य निरंतर आगे बढ़ रहा है। महाराजा अग्रसेन के “एक रुपया और एक ईंट” के सिद्धांत का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि समाज का प्रत्येक व्यक्ति चाहे उसका योगदान छोटा हो या बड़ा, सामूहिक विकास में समान रूप से महत्वपूर्ण होता है। अग्रवाल समाज सदैव सहयोग, सहभागिता, समानता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना के साथ कार्य करता आया है।
विधायक ने कहा कि शहर के विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए हैं। सार्वजनिक स्थलों के संरक्षण एवं संचालन में सामाजिक संगठनों को आगे आना चाहिए। इससे शहर अधिक व्यवस्थित, सुंदर और सुविधायुक्त बन सकता है। शासन और प्रशासन ऐसे सेवा कार्यों में हमेशा सहयोगी रहेगा।
अग्रवाल समाज सेवा कार्यों में हमेशा अग्रणी : आईजी रामगोपाल गर्ग
पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने कहा कि अग्रवाल समाज हमेशा सामाजिक कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है। भारतीय नगर मुक्तिधाम को सुव्यवस्थित और सुविधाजनक स्वरूप देकर अंतिम यात्रा में आने वाले परिवारों के लिए बेहतर वातावरण तैयार किया गया है।
उन्होंने भगवान श्रीराम के सेतु निर्माण का प्रसंग सुनाते हुए कहा कि जिस प्रकार एक छोटी गिलहरी ने भी अपनी क्षमता के अनुसार योगदान दिया था, उसी प्रकार समाज के प्रत्येक व्यक्ति का सहयोग महत्वपूर्ण होता है। अग्रवाल सेवा समिति और सहयोग देने वाले सभी समाजजन बधाई के पात्र हैं।
अतिथियों का स्वागत, दानदाताओं का सम्मान
कार्यक्रम में अग्रवाल समाज अध्यक्ष शिव अग्रवाल ने स्वागत भाषण दिया जबकि सेवा समिति के सीए आनंद अग्रवाल ने समिति के उद्देश्यों और सेवा गतिविधियों की जानकारी दी।
विधायक अमर अग्रवाल, महापौर पूजा विधानी, आईजी रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह तथा निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे सहित सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया गया। सेवा समिति द्वारा स्मृति स्वरूप तुलसी के पौधे भेंट किए गए। कार्यक्रम में सामाजिक दानदाताओं को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित भी किया गया।
डेढ़ करोड़ की लागत से हुआ मुक्तिधाम का कायाकल्प
अग्रवाल सेवा समिति के अजय जाजोदिया, सीए आनंद अग्रवाल, राजुल जाजोदिया, संजय अग्रवाल, मनीष अग्रवाल और अनिल अग्रवाल ने बताया कि रखरखाव के अभाव में जर्जर हो चुके भारतीय नगर मुक्तिधाम का संचालन अप्रैल 2025 से समिति द्वारा किया जा रहा है।
करीब डेढ़ करोड़ रुपए की लागत से मुक्तिधाम का नवनिर्माण और व्यापक विकास कार्य किए गए हैं। इसमें अंतिम संस्कार के लिए फायर ब्रिक्स से स्थायी चबूतरों का निर्माण किया गया है। आगंतुकों के बैठने की पर्याप्त व्यवस्था, पंखे, प्रकाश व्यवस्था, स्पीकर सिस्टम, पार्किंग, गार्डन और हरियाली विकसित की गई है।
35 सीसीटीवी कैमरे, वाटर कूलर और अस्थि कलश लॉकर की सुविधा
मुक्तिधाम में सुरक्षा और निगरानी के लिए 35 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। रात में पूरे परिसर में दूधिया रोशनी की व्यवस्था की गई है। पेयजल के लिए दो वाटर कूलर लगाए गए हैं।
इसके अतिरिक्त—
गार्डन में बैठने के लिए कुर्सियां
व्यवस्थित पार्किंग
वृक्षारोपण एवं हरित क्षेत्र विकास
10 गात्र नहावन व्यवस्था
अस्थि कलश स्टोर लॉकर
स्नान सुविधा
पेयजल हेतु बोरिंग
नियमित सफाई व्यवस्था
दाह संस्कार एवं दफन कार्य के लिए कर्मचारी
माली एवं सुरक्षा गार्ड की नियुक्ति
जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
प्रतिमाह डेढ़ लाख रुपए खर्च कर रहा समिति
समिति पदाधिकारियों ने बताया कि मुक्तिधाम के रखरखाव, सुरक्षा, सफाई और कर्मचारियों के वेतन पर प्रतिमाह लगभग डेढ़ लाख रुपए खर्च किए जा रहे हैं। समाज के सहयोग से यह सेवा कार्य निरंतर जारी है। समिति ने प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाले सभी समाजजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
बड़ी संख्या में शामिल हुए समाज प्रतिनिधि
कार्यक्रम में अग्रवाल समाज के वरिष्ठजन, विभिन्न समाजों के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, प्रबुद्ध नागरिक एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं। प्रमुख रूप से परशराम अग्रवाल, रामावतार अग्रवाल, सतीश शाह, अजय अग्रवाल, चतुर्भुज अग्रवाल, राजीव अग्रवाल, बालगोविंद अग्रवाल, डॉ. सुनील केडिया, ओमप्रकाश अग्रवाल, उमेश मुरारका, सुशील अग्रवाल, राजेंद्र अग्रवाल, किशन बुधिया, अभिषेक अग्रवाल, अनुराग लोहिया, संतोष अग्रवाल, महेंद्र जैन, दीपक जैन, आलोक श्रीवास्तव, शरद गुप्ता, कमल गुप्ता, गुरमीत अरोड़ा, बी.पी. पांडा, सजल घोष, यशवंत परमार, ललित पुजारा, दीपेश भानुशाली, अरविंद दीक्षित, राजेश शुक्ला, प्रभात मिश्रा, विपुल चतुर्वेदी, जवाहर सराफ, रजनीश मुल्करवार, किशोर गेमनानी, विनोद मेघानी, नानक खटूजा, पी.एन. बजाज, सारंग हुमने, आनंद राव, रोशन सिंह, वैभव गुप्ता, अविनाश त्रिपाठी, धीरेंद्र केसरवानी, नितिन छाबड़ा, विकास सलूजा, मोंटी अजमानी, संजय गुप्ता, चंदन गोस्वामी, सावित्री दुबे, पूजा आहूजा, आशा शुक्ला, अंजनी बाजपेयी, डॉ. हेमंत चटर्जी, उदित सोनी, प्रदीप अग्रवाल, राजकुमार सचदेव, शैलेश अग्रवाल, दुलीचंद अग्रवाल, आलोक सिंह ठाकुर, मुकुंद अग्रवाल, शिवकुमार शराफ, अभिजीत मित्रा, शांतनु भट्टाचार्य, एम. श्रीनिवास, मोहम्मद वसी खान, प्रकाश सोनी, जगदीश केडिया, नवनीत अग्रवाल, विकास केजरीवाल, मनीष बगड़िया, गौरव अग्रवाल, विष्णु मुरारका, जयप्रकाश अग्रवाल, बृजेश अग्रवाल, रोहित अग्रवाल, ओम मोदी, योगेश अग्रवाल, विलास गोयल, प्रेम लोट, राजकुमार चौधरी, अरुण तुलसियान, प्रशांत अग्रवाल, अमरजीत दुआ, प्रदीप शुक्ला, अशोक प्रजापति, संतोष वर्मा, रामचंद्र यादव, लक्ष्मीनारायण दीक्षित, आशीष जायसवाल, विजय रजक, सुभाष जैन, सुरेंद्र कश्यप, पवन साहू, चितरंजन पटेल, मोहन देव पुजारी, रामभवन मिश्रा सहित बड़ी संख्या में सामाजिक बंधु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन मनीष अग्रवाल एवं आभार प्रदर्शन अजय जाजोदिया ने किया।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।