भाजपा का दावा- विकसित भारत की नींव रखी गई, गरीब कल्याण से लेकर वैश्विक नेतृत्व तक हर क्षेत्र में देश ने बनाई नई पहचान
बिलासपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा ने उपलब्धियों का रिपोर्ट कार्ड पेश किया। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नंदन जैन ने बिलासपुर प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार 12 वर्षों तक देश के प्रधानमंत्री के रूप में कार्य करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित कर चुके हैं। उन्होंने इस कार्यकाल को भारत के इतिहास का “स्वर्णिम और ऐतिहासिक काल” बताते हुए कहा कि विकसित भारत की मजबूत नींव इसी अवधि में रखी गई है।

नंदन जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी स्वयं को प्रधानमंत्री नहीं, बल्कि “प्रधान सेवक” मानते हैं और 140 करोड़ देशवासियों को अपना परिवार समझकर कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मूलमंत्र के साथ देश ने हर क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
महंगाई और बेरोजगारी पर मोदी सरकार की उपलब्धियों का दावा
प्रेस वार्ता के दौरान नंदन जैन ने दावा किया कि महंगाई और बेरोजगारी के मोर्चे पर भारत की स्थिति आज अमेरिका जैसे विकसित देशों से भी बेहतर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश की अर्थव्यवस्था लगातार मजबूत हुई है और भारत वैश्विक मंच पर नई ताकत के रूप में उभरा है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से 2026 तक की यात्रा निरंतर विकास और प्रगति की यात्रा रही है तथा “सशक्त, समृद्ध और सुरक्षित भारत” का संकल्प अब धरातल पर दिखाई दे रहा है।
गरीब कल्याण योजनाओं का विस्तृत ब्योरा
नंदन जैन ने कहा कि मोदी सरकार ने गरीब कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उन्होंने बताया कि जनधन योजना के तहत 58 करोड़ से अधिक बैंक खाते खोले गए हैं, जिनमें 32 करोड़ से अधिक खाते महिलाओं के हैं।
उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान शुरू हुई मुफ्त राशन योजना के तहत अब तक 81 करोड़ से अधिक लोगों को खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत 60 करोड़ से अधिक हेल्थ कार्ड जारी किए गए हैं, जिससे गरीब परिवारों को निःशुल्क उपचार की सुविधा मिली है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना से 58 करोड़ से अधिक लोगों को सुरक्षा कवच मिला है।
आवास, गैस और पानी से बदली ग्रामीण तस्वीर
भाजपा नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत देशभर में 4 करोड़ से अधिक गरीब परिवारों को पक्के मकान दिए गए हैं। उज्ज्वला योजना के माध्यम से 11 करोड़ महिलाओं को मुफ्त गैस कनेक्शन प्रदान कर धुएं से मुक्ति दिलाई गई।
उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत 16 करोड़ से अधिक घरों तक नल से जल पहुंचाया गया है, जबकि स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत 12 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण कर स्वच्छता अभियान को जनआंदोलन बनाया गया।
स्वरोजगार और छोटे कारोबार को बढ़ावा
नंदन जैन ने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना के तहत 74 लाख से अधिक रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों को बिना गारंटी ऋण उपलब्ध कराया गया है। वहीं मुद्रा योजना के माध्यम से 57 करोड़ से अधिक ऋण वितरित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि पीएम विश्वकर्मा योजना के जरिए 30 लाख से अधिक पारंपरिक कारीगरों को लाभ मिला है।
किसानों, महिलाओं और जनजातीय समाज के लिए विशेष पहल
उन्होंने कहा कि पीएम किसान सम्मान निधि के तहत 11 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में 4.3 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे भेजी गई है। किसान क्रेडिट कार्ड योजना के माध्यम से 7 करोड़ से अधिक किसानों को लगभग 10 लाख करोड़ रुपये का सस्ता ऋण उपलब्ध कराया गया है तथा ऋण सीमा को 3 लाख से बढ़ाकर 5 लाख रुपये किया गया है।
उन्होंने बताया कि जनजातीय समाज के विकास के लिए 15 हजार करोड़ रुपये का बजट तथा “धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान” के लिए 79 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
महिलाओं के सशक्तिकरण का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि लखपति दीदी योजना से 3 करोड़ से अधिक महिलाओं को लाभ मिला है, जबकि सुकन्या समृद्धि योजना के तहत 4.5 करोड़ से अधिक खाते खोले गए हैं।
महिलाओं की भागीदारी और सौर ऊर्जा पर जोर
नंदन जैन ने कहा कि सुरक्षाबलों में महिला अधिकारियों की संख्या 3 हजार से बढ़कर 11 हजार तक पहुंच गई है। वहीं प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत एक करोड़ घरों में सोलर सिस्टम स्थापित किए गए हैं।
‘विरासत के साथ विकास’ की नीति का उल्लेख
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने विकास के साथ-साथ देश की सांस्कृतिक विरासत को भी नई पहचान दी है। राजपथ का नाम बदलकर कर्तव्य पथ किया गया, इंडिया गेट पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा स्थापित की गई तथा डॉ. भीमराव आंबेडकर से जुड़े पांच प्रमुख स्थलों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित किया गया।
उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस घोषित किया गया तथा स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, नए संसद भवन, अमृत उद्यान और राष्ट्रीय युद्ध स्मारक जैसे प्रतीकात्मक कार्यों ने देश के गौरव को बढ़ाया है।
दुनिया में भारत की बढ़ी साख
नंदन जैन ने कहा कि आज भारत विश्व मंच पर समाधान देने वाले देश के रूप में उभरा है। वैक्सीन मैत्री अभियान के तहत 99 देशों को सहायता पहुंचाई गई। जी-20 की सफल अध्यक्षता, 39 नए दूतावासों की स्थापना और 70 लाख करोड़ रुपये से अधिक विदेशी निवेश भारत के प्रति बढ़ते वैश्विक विश्वास का प्रमाण हैं।
उन्होंने कहा कि 38 देशों के साथ हुए नौ मुक्त व्यापार समझौतों ने भारतीय किसानों और उद्योगों के लिए नए अवसर खोले हैं।
‘मोदी सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री’
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा कि 10 जून भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का ऐतिहासिक दिन बन गया, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को पीछे छोड़ते हुए सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने का गौरव प्राप्त कर चुके हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को 32 अंतरराष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हुए हैं तथा मॉर्निंग कंसल्ट सर्वे में 75 प्रतिशत अप्रूवल रेटिंग के साथ वे दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेताओं में शामिल हैं।
छत्तीसगढ़ के विकास पर भी रखी बात
नंदन जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में विकास कार्यों को नई गति मिली है। उन्होंने बताया कि राज्य में 18 लाख ऐसे परिवारों को भी प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ देने का कार्य किया जा रहा है, जो पूर्ववर्ती सरकार के दौरान वंचित रह गए थे।
उन्होंने कहा कि राज्य में 10.60 लाख प्रधानमंत्री आवासों के निर्माण का लक्ष्य लेकर कार्य किया जा रहा है और प्रतिदिन लगभग 1600 आवास बनाए जा रहे हैं। इसके साथ ही किसानों को सहकारी बैंकों के माध्यम से शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।
रेलवे विकास का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में 50 हजार करोड़ रुपये से अधिक के रेल परियोजना कार्य चल रहे हैं। वहीं उड़ान योजना के माध्यम से आम नागरिकों को भी हवाई यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
‘ग्राम पंचायत से संसद तक जीत का शतक’
प्रेस वार्ता के दौरान नंदन जैन ने कहा कि भाजपा ने ग्राम पंचायत से लेकर संसद तक जीत का शतक बनाया है, जबकि कांग्रेस हार का शतक बना चुकी है। उन्होंने कहा कि देश के 22 राज्यों में भाजपा अथवा भाजपा समर्थित सरकारें कार्य कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने वन नेशन-वन टैक्स लागू कर अर्थव्यवस्था को नई दिशा दी। आज 22 देश भारतीय मुद्रा रुपये में व्यापार कर रहे हैं। केंद्र का बजट 16 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 53.5 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है और भारत विश्व की शीर्ष अर्थव्यवस्थाओं में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
ये रहे मौजूद
प्रेस वार्ता में भाजपा ग्रामीण जिलाध्यक्ष मोहित प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, मोहित जायसवाल जनक देवांगन, प्रणव शर्मा, समदरिया, ऋषभ चतुर्वेदी, रवीश गुप्ता, राज्यवर्धन कौशिक, जय वाधवानी, शैलू गोरख, कुंदन दीवान, पवन कश्यप, यश गौरहा सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



