Latest news

बिलासपुर में ‘लेडी बूटलेगर नेटवर्क’ पर पुलिस का बड़ा प्रहार

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
7 Min Read

महतारी वंदन से लेकर स्व-सहायता समूहों तक… फिर भी शराब के धंधे में महिलाएं क्यों?


बिलासपुर। एक ओर राज्य सरकार की महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं के खातों में हर महीने 1000 रुपये पहुंच रहे हैं। महिला एवं बाल विकास विभाग और जिला पंचायत के माध्यम से स्वरोजगार, स्व-सहायता समूह, आजीविका संवर्धन और आर्थिक सशक्तिकरण की अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। दूसरी ओर बिलासपुर जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे पुलिस के विशेष अभियान “प्रहार” की कार्रवाईयों ने एक अलग तस्वीर सामने रख दी है। बीते कुछ दिनों में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में शराब तस्करी और अवैध बिक्री के मामलों में जिन आरोपियों पर कार्रवाई हुई, उनमें महिलाओं की उल्लेखनीय संख्या दर्ज की गई है।
पुलिस रिकॉर्ड बताते हैं कि गांवों और मोहल्लों में चल रहे अवैध शराब नेटवर्क में पुरुषों के साथ महिलाएं भी सक्रिय रूप से सामने आ रही हैं। कई मामलों में महिलाओं के घर, किराना दुकान और आवासीय परिसरों से बड़ी मात्रा में शराब बरामद हुई है।
केस-1 : चकरभाठा में 110 लीटर महुआ शराब के साथ महिला गिरफ्तार
थाना चकरभाठा पुलिस ने 8 जून को वर्मा मोहल्ला में कार्रवाई करते हुए सत्यवती वर्मा (35) को गिरफ्तार किया। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि महिला बड़ी मात्रा में महुआ शराब रखकर बिक्री कर रही है।
रेड कार्रवाई के दौरान 15-15 लीटर क्षमता वाले सात डिब्बों तथा एक अन्य प्लास्टिक कंटेनर से कुल 110 लीटर महुआ शराब बरामद की गई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 22 हजार रुपये बताई गई। पुलिस ने महिला के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर न्यायालय में पेश किया।
यह कार्रवाई इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि हाल के दिनों में महिलाओं से जुड़ी शराब जब्ती के मामलों में यह सबसे बड़ी बरामदगी रही।
केस-2 : किराना दुकान बनी शराब बिक्री का अड्डा, कोनी में महिला गिरफ्तार
थाना कोनी पुलिस ने 16 जून को ग्राम सेमरताल में कार्रवाई करते हुए सुमन भारती (36) को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार महिला अपनी किराना दुकान से अवैध रूप से देशी प्लेन शराब बेच रही थी। तलाशी के दौरान 34 पाव देशी शराब, कुल 6 लीटर 120 मिलीलीटर मदिरा तथा बिक्री से प्राप्त 300 रुपये नकद बरामद किए गए।
कार्रवाई के बाद आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
केस-3 : स्कूल और नहर पुल के पास महुआ शराब बेचती मिली महिला
थाना कोनी क्षेत्र के ही ग्राम जलसो में पुलिस ने 9 जून को मैना वर्मा (27) के खिलाफ कार्रवाई की।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने प्राथमिक स्कूल और बड़े नहर पुल के पास दबिश दी। यहां से महिला के कब्जे से 7 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब बरामद की गई जिसकी कीमत लगभग 1400 रुपये बताई गई।
पुलिस ने आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
पुरुष आरोपियों पर भी लगातार कार्रवाई
महिलाओं से जुड़े मामलों के समानांतर पुरुष आरोपियों के खिलाफ भी जिलेभर में लगातार कार्रवाई की गई।
बिल्हा : घर में छिपाकर रखी थी 72 पाव शराब
बिल्हा पुलिस ने बलराम संवरा (26) के घर में दबिश देकर 72 पाव देशी शराब जब्त की। बरामद शराब की मात्रा 12.960 लीटर और कीमत 6240 रुपये बताई गई। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
मस्तुरी : कच्ची महुआ शराब बेचते पकड़ा गया आरोपी
मस्तुरी पुलिस ने संजय कुमार लहरे (35) को उसके घर से 6 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया। जब्त शराब की कीमत 1200 रुपये आंकी गई।
रतनपुर : बाइक से हो रही थी शराब की सप्लाई
रतनपुर पुलिस ने 6 जून को कलमीटार रोड पर कार्रवाई करते हुए झलक पात्रे और संतोष भारती को गिरफ्तार किया। दोनों मोटरसाइकिल से 40 पाव देशी प्लेन शराब लेकर कोटा क्षेत्र की ओर जा रहे थे।
पुलिस ने 7.200 लीटर शराब, 3200 रुपये मूल्य की मदिरा तथा परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की।
रतनपुर : एक ही दिन तीन शराब कोचियों पर कार्रवाई
7 जून को रतनपुर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई कर किरण रात्रे उर्फ कोंदा, धर्मेंद्र प्रजापति और मनोहर प्रजापति को गिरफ्तार किया।
इनके कब्जे से 35 पाव देशी प्लेन शराब के साथ 13 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। कुल मिलाकर हजारों रुपये की शराब जब्त कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
कोटा : नदी किनारे चल रहा था अवैध शराब निर्माण केंद्र
कोटा थाना क्षेत्र के ग्राम पोड़ी में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 240 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब बरामद की।
रेड के दौरान देव प्रसाद बारले, करण लहरे और अन्य आरोपी पुलिस को देखकर फरार हो गए। मौके से 48 हजार रुपये मूल्य की शराब, तीन टुल्लू पंप और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई। आरोपियों की तलाश जारी है।
कोटा : 13.5 लीटर महुआ शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार
ग्राम खैरझिटी में पुलिस ने मनोज सोनवानी (53) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 13.5 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई जिसकी कीमत 2700 रुपये बताई गई।
जिलेभर में ‘प्रहार’ अभियान के तहत बढ़ी कार्रवाई
बिलासपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “प्रहार” अभियान के तहत ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में लगातार दबिश दी जा रही है। मुखबिर तंत्र, बीट भ्रमण और जनसंपर्क के जरिए मिल रही सूचनाओं के आधार पर पुलिस शराब तस्करी, अवैध भंडारण और बिक्री करने वालों पर कार्रवाई कर रही है।


हालिया कार्रवाईयों में यह तथ्य विशेष रूप से सामने आया कि कई मामलों में महिलाएं स्वयं शराब की बिक्री करते हुए पकड़ी गईं, जबकि कुछ मामलों में उनके घरों और दुकानों से बड़ी मात्रा में शराब बरामद हुई। वहीं पुरुष आरोपियों के खिलाफ भी परिवहन, भंडारण और निर्माण जैसे मामलों में कार्रवाई लगातार जारी है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।