एशिया कप जीतते ही बिलासपुर में गूंजे भारत माता के जयकारे
बिलासपुर। भारतीय अंडर-18 हॉकी टीम की एशिया कप में ऐतिहासिक जीत और बिलासपुर के खिलाड़ी अवि मानिकपुरी के शानदार प्रदर्शन ने पूरे शहर को उत्सव के रंग में रंग दिया। फाइनल में जापान को 4-1 से हराकर भारत के चैंपियन बनने की खबर मिलते ही शहर के खेल प्रेमियों, हॉकी खिलाड़ियों और युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
नगर हॉकी संघ बिलासपुर के नेतृत्व में पुलिस ग्राउंड में खिलाड़ियों ने एकत्र होकर जीत का जश्न मनाया। खिलाड़ियों ने तिरंगा लहराते हुए मिठाइयां बांटीं और एक-दूसरे को बधाई दी। शहर के कई इलाकों में खेल प्रेमियों ने पटाखे फोड़कर और भारत माता के जयकारे लगाकर अपनी खुशी जाहिर की।
हॉकी खिलाड़ियों का कहना है कि बिलासपुर के खिलाड़ी अवि मानिकपुरी का भारतीय टीम का हिस्सा बनकर एशिया कप जीतना जिले के लिए गौरव का विषय है। उनकी सफलता से शहर के युवा खिलाड़ियों में नया उत्साह पैदा हुआ है। खेल मैदानों से लेकर सड़कों तक पूरे दिन जीत की चर्चा होती रही और हर कोई बिलासपुर के इस होनहार खिलाड़ी की उपलब्धि पर गर्व करता नजर आया।



