Latest news

बिलासपुर में ‘नशे का महाजाल’ ध्वस्त, कार में MDMA, ऑटो में 90 किलो गांजा… गांवों से शहर तक पुलिस का प्रहार, ड्रग सिंडिकेट में मचा हड़कंप

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
7 Min Read


बिलासपुर में ‘प्रहार’: एमडीएमए, गांजा और शराब के काले नेटवर्क पर पुलिस का सबसे बड़ा वार
24 घंटे में कई ठिकानों पर रेड… कार से MDMA, ऑटो से 90 किलो गांजा, गांवों से महुआ शराब बरामद; सड़क पर दहशत फैलाने वाले भी दबोचे गए

बिलासपुर, छत्तीसगढ़।
बिलासपुर में नशे के कारोबार और अपराधियों के नेटवर्क पर पुलिस ने एक साथ कई मोर्चों पर बड़ा हमला बोला है। रजनेश सिंह के निर्देशन में चल रहे “प्रहार अभियान” के तहत जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एमडीएमए सप्लायर्स, गांजा तस्करों, अवैध शराब कारोबारियों और सड़क पर गुंडागर्दी करने वालों को शिकंजे में लिया है।
चकरभाठा से लेकर मोपका, सकरी, तखतपुर और कोनी तक पुलिस की दबिश ने नशे के नेटवर्क में हलचल मचा दी। करोड़ों के नशे के कारोबार से जुड़े आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब पूरे सप्लाई चैन और नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही है।
खोलीभाटा मैदान में ‘ड्रग डील’… पुलिस पहुंची तो कार छोड़ भागने लगे आरोपी
कार में बैठकर ग्राहक तलाश रहे थे MDMA सप्लायर, घेराबंदी कर दबोचे गए
चकरभाठा थाना क्षेत्र के ग्राम रहंगी स्थित खोलीभाटा मैदान में पुलिस ने एमडीएमए की अवैध बिक्री की बड़ी साजिश नाकाम कर दी। मुखबिर से सूचना मिली थी कि एस-क्रॉस कार क्रमांक CG 28 L 8130 में दो युवक नशीला पदार्थ MDMA रखकर ग्राहक तलाश रहे हैं।
सूचना मिलते ही थाना चकरभाठा और ACCU की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। पुलिस वाहन देखते ही दोनों आरोपी भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया गया। तलाशी में उनके कब्जे से 26.05 ग्राम MDMA बरामद हुआ।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान —
चंद्रेश बलेचा (29), वार्ड नंबर 12 चकरभाठा
महेश वर्मा (21), वार्ड नंबर 05 चकरभाठा
के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से MDMA और एस-क्रॉस कार समेत करीब 12 लाख 95 हजार 500 रुपए का माल जब्त किया। पूछताछ में आरोपियों ने नशीला पदार्थ बिक्री के लिए रखना स्वीकार किया। दोनों को NDPS एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
रेलवे स्टेशन से सीपत तक गांजे की सप्लाई… दो ई-ऑटो में 90 किलो गांजा लेकर जा रहीं थीं 8 महिलाएं
रात 3 बजे बिलासपुर-सीपत रोड पर पुलिस की घेराबंदी, खाकी टेप में लिपटे 86 पैकेट जब्त
मोपका चौकी पुलिस और ACCU की संयुक्त कार्रवाई में गांजा तस्करी का बड़ा नेटवर्क सामने आया। पुलिस को सूचना मिली थी कि रेलवे स्टेशन बिलासपुर की ओर से दो इलेक्ट्रिक ऑटो में भारी मात्रा में गांजा ले जाया जा रहा है।
रात करीब 3 बजे बिलासपुर-सीपत रोड स्थित सीमेंट कंपनी के पास घेराबंदी कर दोनों ऑटो रोके गए। तलाशी में प्लास्टिक की बोरियों और कपड़ों के गट्ठरों में छिपाकर रखा गया 90 किलो गांजा बरामद हुआ। गांजा 86 पैकेट में खाकी टेप से लिपटा हुआ था।
पुलिस ने दो इलेक्ट्रिक ऑटो CG 10 BS 7574 और CG 10 CC 3813 भी जब्त किए। कुल जब्ती की कीमत करीब 46 लाख 75 हजार रुपए आंकी गई है।
इस मामले में 8 महिलाओं को गिरफ्तार किया गया, जिनमें अशोक बाई, नंद कुमारी, लक्ष्मी शिकारी, द्रोपती शिकारी, ग्यास बाई, गंगा सिंह, रम्मती शिकारी और इंद्राणी शामिल हैं। अधिकांश आरोपी ग्राम मटियारी और सीपत क्षेत्र की रहने वाली हैं।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किन इलाकों में की जानी थी।
‘प्रहार अभियान’ में गांव-गांव दबिश… महुआ शराब के ठिकाने उजड़े
कोनी में 50 लीटर कच्ची शराब जब्त, तखतपुर में देशी प्लेन मदिरा के साथ आरोपी गिरफ्तार
कोनी थाना क्षेत्र के ग्राम जलसो में पुलिस ने अवैध महुआ शराब कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की। मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर उमेश वर्मा (30) को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 50 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 10 हजार रुपए बताई गई।
कार्रवाई गगन कुमार के मार्गदर्शन में की गई। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया।
इधर तखतपुर पुलिस ने “प्रहार अभियान” के तहत बेलसरी क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी मनीष रजक (23) को पकड़ा। उसके कब्जे से 39 नग देशी प्लेन मदिरा यानी 7.020 लीटर शराब जब्त की गई।
यह कार्रवाई नूपुर उपाध्याय और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह के मार्गदर्शन में की गई। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
सड़क पर शराब के लिए वसूली… पैसा नहीं देने पर लाठी-डंडों से हमला
सकरी बाजार से लौट रहे युवकों को रोका, मारपीट कर दहशत फैलाने वाला आरोपी गिरफ्तार
सकरी थाना क्षेत्र में सड़क पर गुंडागर्दी और मारपीट का मामला सामने आया। बिहार निवासी अनिल दास अपने साथी के साथ सकरी साप्ताहिक बाजार से लौट रहा था। लाखासार मोड़ के पास ईश्वर यादव उर्फ सत्तु और उसके साथी ने शराब पीने के लिए पैसे मांगे।
पैसे देने से इनकार करने पर दोनों ने लाठी और मुक्कों से हमला कर दिया। शिकायत के बाद सकरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ईश्वर यादव उर्फ सत्तु को गिरफ्तार कर लिया। दूसरा आरोपी संजीत जांगड़े उर्फ विक्कू फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
यह कार्रवाई निमितेश सिंह परिहार के मार्गदर्शन में की गई।
बीट सिस्टम से खुल रहे नशे के ठिकाने
मोटरसाइकिल से अंग्रेजी शराब सप्लाई कर रहा था आरोपी, पुलिस ने रास्ते में दबोचा
सकरी थाना क्षेत्र में लागू बीट सिस्टम अब पुलिस के लिए बड़ा हथियार साबित हो रहा है। लगातार मिल रही सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने देवरीकला मेन रोड पर घेराबंदी कर दिलीप वस्त्रकार (34) को गिरफ्तार किया।
आरोपी मोटरसाइकिल CG 10 BN 5159 में 31 पाव अंग्रेजी शराब लेकर जा रहा था। पुलिस ने शराब और बाइक जब्त कर आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक बीट सिस्टम लागू होने के बाद अंदरूनी इलाकों में चल रही अवैध गतिविधियों की सूचनाएं तेजी से मिल रही हैं, जिससे लगातार कार्रवाई संभव हो पा रही है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।