Latest news

घर में काम करने वालों से लेकर किराएदार तक… अब सबका होगा पुलिस वेरिफिकेशन

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
2 Min Read

बिलासपुर पुलिस की अपील: कॉलोनियों में बढ़ाई जाए सतर्कता, समाधान ऐप से करें सत्यापन
बिलासपुर। शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए बिलासपुर पुलिस ने बड़ा जनसुरक्षा अभियान शुरू किया है। पुलिस ने कॉलोनीवासियों से अपील की है कि वे अपने यहां काम करने वाले घरेलू सहायकों, ड्राइवरों, गार्डों, केयरटेकरों और किराए पर रहने वाले लोगों का अनिवार्य रूप से सत्यापन कराएं।


एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा है कि बदलते शहरी माहौल में नागरिकों की सतर्कता अपराध रोकने का सबसे प्रभावी तरीका बन सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने सभी रहवासी समितियों और कॉलोनी प्रबंधन को भी इस अभियान से जोड़ा है।
पुलिस की ओर से जारी अपील में कहा गया है कि संबंधित व्यक्तियों के आधार कार्ड, मोबाइल नंबर, स्थायी पता, फोटो समेत जरूरी दस्तावेज कॉलोनी समिति के अध्यक्ष या सचिव के पास जमा कराए जाएं। साथ ही संबंधित थाना क्षेत्र में उनका पुलिस वेरिफिकेशन भी कराया जाए।
किराएदारों के सत्यापन के लिए पुलिस ने समाधान ऐप के उपयोग पर विशेष जोर दिया है। डिजिटल वेरिफिकेशन से रिकॉर्ड सुरक्षित रहेगा और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में तत्काल जानकारी जुटाने में मदद मिलेगी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कई मामलों में बिना सत्यापन के रहने वाले लोगों की जानकारी समय पर नहीं मिल पाती, जिससे अपराध की जांच प्रभावित होती है। ऐसे में पहले से रिकॉर्ड उपलब्ध रहने पर संदिग्ध गतिविधियों पर तेजी से कार्रवाई संभव हो सकेगी।
शहर की कई कॉलोनियों में इस पहल को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। रहवासी समितियां अब अपने स्तर पर भी सत्यापन प्रक्रिया को व्यवस्थित करने की तैयारी में जुट गई हैं।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।