Latest news

“अब बस्तर में विकास की चर्चा होनी चाहिए…”महर्षि नारद जयंती कार्यक्रम में बोले डॉ. रमन सिंह; नक्सलवाद, पत्रकारिता और निष्पक्ष लेखन पर दिया जोर

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

रायपुर
राजधानी रायपुर में आयोजित छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ के महर्षि नारद जयंती सप्ताह कार्यक्रम में पत्रकारिता, नक्सलवाद और सामाजिक जिम्मेदारी जैसे मुद्दों पर लंबी चर्चा हुई। कार्यक्रम के दूसरे सत्र में छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि अब बस्तर में नक्सलवाद नहीं, विकास की चर्चा होनी चाहिए।
दो सत्रों में आयोजित कार्यक्रम का पहला चरण वृंदावन हॉल और दूसरा चरण स्पीकर हाउस के साहित्यिक हॉल में हुआ। प्रदेशभर के जिलों, तहसीलों और ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे पत्रकारों की मौजूदगी ने आयोजन को बड़ा स्वरूप दिया। इस दौरान ग्रामीण पत्रकारों का साल, श्रीफल और मोमेंटो देकर सम्मान भी किया गया।
“नक्सलवाद को सबसे करीब पत्रकारों ने देखा”
मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे डॉ. रमन सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि कार्यक्रम में बस्तर और सरगुजा संभाग से आए पत्रकार बड़ी संख्या में मौजूद हैं, जिन्होंने नक्सलवाद को बेहद करीब से देखा और समझा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में नक्सलवाद समाप्ति की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने पत्रकारों से अपील करते हुए कहा कि नक्सलवाद और सलवा जुडूम जैसे विषयों पर निष्पक्ष लेखन जरूरी है। जिन परिवारों ने हिंसा में अपने लोगों को खोया है, उनके दर्द को समझना भी पत्रकारिता की जिम्मेदारी है।
अरविंद अवस्थी को आठवीं बार अध्यक्ष बनने पर बधाई
कार्यक्रम में डॉ. रमन सिंह ने छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद अवस्थी को लगातार आठवीं बार अध्यक्ष निर्वाचित होने पर बधाई दी। उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि अवस्थी आजीवन अध्यक्ष बने रहें।
महासचिव विश्व दीपक राई को भी नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
“पत्रकार समाज और राष्ट्र के बीच सबसे बड़ी कड़ी”
कार्यक्रम के पहले सत्र में रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि समाज तक सूचनाएं पहुंचाने का सबसे बड़ा माध्यम पत्रकार हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के सहयोग के बिना समाज सुधार और राष्ट्रवाद की भावना मजबूत नहीं हो सकती।
भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी गौरीशंकर श्रीवास ने भी पत्रकारिता की भूमिका पर अपने विचार रखे।
साहित्य, राजनीति और मीडिया के चेहरे एक मंच पर
कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्य साहित्य अकादमी अध्यक्ष शशांक शर्मा ने की। मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
प्रदेश अध्यक्ष अरविंद अवस्थी ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि डॉ. रमन सिंह हमेशा पत्रकारों को परिवार की तरह मानते रहे हैं और उनके कार्यकाल में पत्रकार हित से जुड़ी कई योजनाएं संचालित की गईं।
कार्यक्रम का संचालन राजेश मिश्रा ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन महासचिव विश्व दीपक राई ने किया। आयोजन में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, संभागीय पदाधिकारी और जिला अध्यक्ष भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।