Latest news

‘गांजा क्वींस’ का सीक्रेट रूट… रेलवे स्टेशन से निकलीं 8 महिलाएं, ऑटो में छिपाकर ले जा रहीं थीं 90 किलो गांजा

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
4 Min Read

बिलासपुर में तड़के 3 बजे हाईवे पर घेराबंदी, कपड़ों के गट्ठों और बोरियों से निकले 86 पैकेट; दो ई-ऑटो जब्त
बिलासपुर।
बिलासपुर में रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात पुलिस ने उस वक्त बड़ी कार्रवाई की, जब रेलवे स्टेशन से निकला कथित गांजा नेटवर्क सीपत रोड पर पुलिस के रडार में आ गया। तड़के करीब 3 बजे दो इलेक्ट्रिक ऑटो में सवार 8 महिलाओं को पकड़ा गया, जिनके कब्जे से 90 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने इस पूरे ऑपरेशन को “इनपुट बेस्ड इंटरसेप्शन” बताते हुए इसे हाल के दिनों की बड़ी कार्रवाई माना है।
सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की है कि गांजा तस्करी के इस नेटवर्क में पुरुषों की बजाय महिलाएं सामने आईं। पुलिस के मुताबिक महिलाएं प्लास्टिक बोरियों और कपड़ों के गट्ठों में गांजा छिपाकर ले जा रही थीं ताकि किसी को शक न हो।
स्टेशन से सीपत की ओर बढ़ रहा था नेटवर्क, सीमेंट कंपनी के पास पकड़ी गईं महिलाएं


मोपका चौकी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बिलासपुर रेलवे स्टेशन की ओर से दो इलेक्ट्रिक ऑटो सीपत की दिशा में जा रहे हैं, जिनमें भारी मात्रा में मादक पदार्थ ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस, मोपका चौकी स्टाफ और ACCU टीम ने संयुक्त घेराबंदी की।
सीपत रोड स्थित सीमेंट कंपनी के पास दोनों ऑटो को रोका गया। तलाशी लेने पर प्लास्टिक की 8 बोरियों और कपड़ों के गट्ठों के भीतर खाकी टेप से लिपटे 86 पैकेट मिले। पुलिस के मुताबिक सभी पैकेटों में गांजा भरा हुआ था।
बरामद गांजे का कुल वजन करीब 90 किलो बताया गया है, जिसकी कीमत 46 लाख 75 हजार रुपए आंकी गई है। पुलिस ने दोनों इलेक्ट्रिक ऑटो भी जब्त कर लिए हैं।
8 महिलाएं गिरफ्तार, एक ही गांव से जुड़े तार
पुलिस ने मामले में 8 महिलाओं को गिरफ्तार किया है। इनमें अशोक बाई, नंद कुमारी, लक्ष्मी शिकारी, द्रोपती शिकारी, ग्यास बाई, गंगा सिंह, रम्मती शिकारी और इंद्राणी शामिल हैं। अधिकांश आरोपी महिलाएं सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम मटियारी की रहने वाली बताई गई हैं।
जांच एजेंसियों के लिए यह भी अहम बिंदु माना जा रहा है कि सभी महिलाओं के तार एक ही इलाके से जुड़े हुए हैं। इससे संगठित नेटवर्क और सप्लाई चैन की आशंका को लेकर पूछताछ तेज कर दी गई है।
खाकी टेप में पैक थे पैकेट, कपड़ों के गट्ठों में छिपाकर ले जाया जा रहा था माल
पुलिस अधिकारियों के अनुसार गांजा पैकेटों को खाकी टेप से इस तरह पैक किया गया था कि पहली नजर में सामान्य सामान जैसा लगे। ऊपर से कपड़ों के गट्ठे और घरेलू सामान रखे गए थे ताकि चेकिंग के दौरान शक कम हो।
जांच में यह भी सामने आया है कि तस्करी के लिए इलेक्ट्रिक ऑटो का इस्तेमाल किया जा रहा था। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि गांजा कहां से लाया गया और इसकी डिलीवरी किसे की जानी थी।
एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज, नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
मामले में अपराध क्रमांक 716/26 दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20बी और 29 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार महिलाओं से पूछताछ जारी है और पूरे नेटवर्क की कड़ियां खंगाली जा रही हैं।
तड़के रात हुई इस कार्रवाई के बाद बिलासपुर-सीपत बेल्ट में सक्रिय कथित गांजा सप्लाई चैन को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।