Latest news

मॉर्निंग वॉक पर निकले भाजपा के धरम पर… स्नैचर का वार, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक से PWD आर्च ब्रिज के नीचे मोबाइल झपटा, रायपुर पुलिस ने 8 घंटे में आरोपी दबोचा

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

रायपुर
रायपुर की वीआईपी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सोमवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब भाजपा के वरिष्ठ नेता और छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष धरमलाल कौशिक मॉर्निंग वॉक के दौरान मोबाइल स्नैचिंग का शिकार हो गए।
घटना सुबह करीब 7:15 बजे की बताई जा रही है। कौशिक अपने शासकीय निवास से मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। इसी दौरान पीडब्ल्यूडी आर्च ब्रिज के नीचे बाइक सवार एक युवक ने झपट्टा मारकर उनका मोबाइल फोन छीन लिया और फरार हो गया।
वीआईपी मूवमेंट वाले इलाके में हुई इस वारदात ने पुलिस महकमे में तत्काल हलचल बढ़ा दी। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और क्राइम ब्रांच के साथ कई थानों की संयुक्त टीमों को आरोपी की तलाश में लगाया गया।
CCTV, टेक्निकल ट्रैकिंग और ह्यूमन इंटेलिजेंस… 8 घंटे में खुला केस
रायपुर पुलिस ने इस केस को हाई-प्रोफाइल मानते हुए मल्टी-लेयर ऑपरेशन शुरू किया। घटना स्थल से लेकर संभावित भागने के रूट तक लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए।
साथ ही तकनीकी सर्विलांस और ह्यूमन इंटेलिजेंस को एक्टिव किया गया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक स्नैचर की पहचान बाइक मूवमेंट, लोकेशन ट्रैकिंग और फुटेज मैचिंग के जरिए हुई।
घटना के महज 8 घंटे के भीतर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। उसके कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई।
रैपिडो चलाता था आरोपी, बलौदाबाजार का रहने वाला
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान मणिकांत ध्रुव के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 19 वर्ष बताई गई है। आरोपी मूल रूप से बलौदाबाजार जिले का निवासी है और वर्तमान में राजीव नगर में रह रहा था।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी यदा-कदा बाइक टैक्सी सर्विस Rapido से जुड़कर काम करता था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी पहले भी स्नैचिंग या सड़क अपराध की घटनाओं में शामिल रहा है या नहीं।
वीआईपी रूट पर वारदात से बढ़ी सुरक्षा पर बहस
जिस इलाके में यह घटना हुई, वह रायपुर का संवेदनशील और वीआईपी मूवमेंट वाला क्षेत्र माना जाता है। ऐसे में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष के साथ हुई स्नैचिंग की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चाएं तेज कर दी हैं।
राजनीतिक गलियारों में भी यह मामला दिनभर चर्चा का विषय बना रहा। भाजपा नेताओं के बीच इस बात को लेकर हैरानी रही कि राजधानी के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले इलाकों में भी मॉर्निंग वॉक कर रहे वरिष्ठ नेता अपराधियों के निशाने पर आ गए।
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने दावा किया है कि त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को कुछ ही घंटों में पकड़ लिया गया और छीना गया माल भी बरामद कर लिया गया।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।