Latest news

भाजपा विधायक धर्मजीत सिंह जी….36 लाख की ‘गौरव पथ’ सड़क एक महीने में उधड़ी… निर्माण घोटाले का आरोप, ग्रामीणों ने कहा— “बरसात आई तो सड़क बह जाएगी”

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
4 Min Read

तखतपुर के नेवरा में ‘विकास’ की सड़क पर भ्रष्टाचार के गड्ढे! विधायक धर्मजीत सिंह के क्षेत्र में बनी सड़क पर उठे सवाल, ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांगी खुदाई कर दोबारा निर्माण की जांच
बिलासपुर। वरिष्ठ विधायक धर्मजीत सिंह के तखतपुर विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री गौरव पथ योजना के तहत बनाई गई सड़क अब भ्रष्टाचार और घटिया निर्माण के आरोपों में घिर गई है। ग्राम पंचायत नेवरा में करीब 36 लाख रुपए की लागत से बनी लगभग 450 मीटर सड़क निर्माण के महज एक महीने बाद ही उधड़ने लगी है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि सड़क निर्माण में निम्न स्तर की सामग्री का उपयोग किया गया और पूरा काम गुणवत्ता मानकों को ताक पर रखकर किया गया। मामले को लेकर ग्रामीणों और सामाजिक संगठन ने कलेक्टर से शिकायत कर ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।


ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क पर जैसे ही वाहन गुजर रहे हैं, गिट्टियां उखड़कर बाहर आने लगी हैं। सड़क की ऊपरी परत कई जगह से टूटने लगी है और बरसात शुरू होने के पहले ही सड़क की हालत खराब दिखाई देने लगी है। शिकायत में कहा गया है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो बारिश में सड़क पर बड़े गड्ढे हो जाएंगे और पानी भरने से पूरा मार्ग क्षतिग्रस्त हो सकता है।
“स्टीमेट के हिसाब से काम नहीं, सिर्फ कागजों में विकास”
शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि सड़क निर्माण कार्य निर्धारित स्टीमेट के अनुसार नहीं किया गया। सड़क की सोल्डर भी निम्न स्तर की बनाई गई है। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण स्थल पर कोई विवरण बोर्ड तक नहीं लगाया गया, जिससे लागत, एजेंसी और तकनीकी जानकारी सार्वजनिक नहीं हो सकी। सड़क के दोनों किनारों पर नाली निर्माण भी नहीं किया गया, जबकि यह कार्य योजना का हिस्सा बताया जा रहा है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि पूरे निर्माण कार्य में भारी भ्रष्टाचार हुआ है और जिम्मेदार अधिकारियों ने गुणवत्ता परीक्षण के बिना भुगतान और स्वीकृति दे दी।
ग्रामीणों की मांग— सड़क को उखाड़कर दोबारा बनाया जाए
शिकायत पत्र में ग्रामवासियों ने मांग की है कि पूरी सड़क की खुदाई कर उसे नए सिरे से स्टीमेट के अनुसार बनाया जाए। साथ ही निर्माण से संबंधित स्टीमेट और दस्तावेजों की छायाप्रति भी उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा है कि जांच शिकायतकर्ताओं की उपस्थिति में होनी चाहिए ताकि “कागजी जांच” कर मामले को दबाया न जा सके। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि पूर्व में बिना शिकायतकर्ताओं को सूचना दिए जांच कर “झूठी प्रतिवेदन” देने वाले अधिकारियों पर भी कार्रवाई की जाए।
ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने और अधिकारियों के निलंबन की मांग
शिकायतकर्ताओं ने निर्माण एजेंसी और ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट कर उनका रजिस्ट्रेशन रद्द करने की मांग की है। साथ ही भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत कार्रवाई की मांग उठाई गई है। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल निलंबित करने की भी मांग की है।
यह शिकायत बिहारी सिंह टोडर, कार्यवाहक प्रदेशाध्यक्ष संकल्प जन कल्याण समाज सेवा संघ छत्तीसगढ़ और ग्राम पंचायत नेवरा के ग्रामीणों की ओर से दी गई है। शिकायत की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, मंत्री, तखतपुर विधायक और जिला पंचायत सीईओ को भी भेजी गई है।
आंदोलन की चेतावनी
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो वे सामूहिक आंदोलन करेंगे। शिकायत में कहा गया है कि ऐसी स्थिति में पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।