
बिलासपुर। बढ़ती महंगाई और रसोई गैस की कीमतों में हुई तेज वृद्धि के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी (शहर/ग्रामीण) ने बुधवार को शहर में जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस भवन से नेहरू चौक तक पदयात्रा निकालकर केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और बढ़ी कीमतों को वापस लेने की मांग की।
जिला शहर अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा और जिला ग्रामीण अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री ने आरोप लगाया कि कमर्शियल इस्तेमाल वाले 19 किलो के एलपीजी सिलेंडर के दामों में एकमुश्त 993 रुपए की बढ़ोतरी कर दी गई है, जो आज़ाद भारत के इतिहास में अभूतपूर्व है। उन्होंने कहा कि एक सिलेंडर की कीमत अब 3100-3200 रुपए तक पहुंच गई है, जिससे छोटे व्यापारियों से लेकर आम परिवार तक प्रभावित हैं।
नेताओं ने कहा कि गैस सिलेंडर की कीमत बढ़ने का असर सीधे आम लोगों की रसोई पर पड़ता है। ढाबा संचालक, ठेला-खोमचा चलाने वाले, स्ट्रीट फूड विक्रेता और होटल-रेस्टोरेंट व्यवसायी सभी इस महंगाई से परेशान हैं। शादी-ब्याह के सीजन में मध्यमवर्गीय परिवारों का बजट भी बिगड़ गया है।
पदयात्रा में उमड़ा जनसैलाब
शाम करीब 4 बजे कांग्रेस भवन में एकत्रित कार्यकर्ता पदयात्रा करते हुए नेहरू चौक पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं ने तख्तियां, बैनर और झंडे लेकर विरोध दर्ज कराया। नेहरू चौक पर भीड़ इतनी अधिक थी कि आसपास के लोग भी रुककर प्रदर्शन देखने लगे।
कांग्रेस ने दी आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी आम जनता के साथ खड़ी है और महंगाई के खिलाफ यह लड़ाई कीमतों में कमी होने तक जारी रहेगी। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि वर्ष 2026 में ही गैस की कीमतों में 1500 रुपए से अधिक की बढ़ोतरी की गई है, जिससे जनता त्रस्त हो चुकी है।
ये रहे प्रमुख रूप से शामिल
प्रदर्शन में सिद्धांशु मिश्रा, महेंद्र गंगोत्री, सियाराम कौशिक, विजय पांडे, प्रमोद नायक, राजेंद्र शुक्ला, राजेंद्र साहू, जितेंद्र पांडे, शेख नजीरुद्दीन, राकेश शर्मा, पंकज सिंह, देवेंद्र सिंह, राजेश पांडे, पिंकी बत्रा, सीमा घृतेश, शिल्पी तिवारी, हमीदा खान, नरेंद्र बोलर, समीर अहमद, स्वर्णा शुक्ला, प्रियंका यादव, संतोष गर्ग, हितेश देवांगन, साकेश मिश्रा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

