बिलासपुर। बढ़ती महंगाई और रसोई गैस सिलेंडर के दामों में लगातार हो रही वृद्धि के खिलाफ कांग्रेस अब सड़कों पर उतरने जा रही है। पार्टी ने 5 मई 2026 को शहर के नेहरू चौक में एकदिवसीय प्रदर्शन का ऐलान किया है।
कार्यक्रम से पहले शाम 4 बजे कांग्रेस भवन में सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को एकत्रित होने के लिए कहा गया है, जहां से रैली के रूप में नेहरू चौक पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
संगठन के हर स्तर को बुलावा
इस प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस ने संगठन के सभी स्तरों पर सक्रियता दिखाई है। वरिष्ठ कांग्रेस जन, वर्तमान विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, पूर्व महापौर, पूर्व प्रत्याशी, प्रदेश पदाधिकारी, पार्षद, ब्लॉक अध्यक्ष, मंडल और सेक्टर स्तर के पदाधिकारी, बूथ कार्यकर्ता सहित महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवा दल, किसान कांग्रेस, अल्पसंख्यक विभाग, अनुसूचित जाति-जनजाति विभाग, पिछड़ा वर्ग विभाग, झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ और आईटी सेल को भी शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है।
नेहरू चौक बनेगा विरोध का केंद्र
पार्टी की ओर से तय कार्यक्रम के अनुसार, नेहरू चौक में प्रदर्शन के दौरान महंगाई, खासकर गैस सिलेंडर के बढ़ते दामों को लेकर सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की जाएगी। शहर के बीचों-बीच स्थित यह स्थल एक बार फिर बड़े राजनीतिक विरोध का केंद्र बनने जा रहा है।

