Latest news

सुशासन तिहार बना सियासी अखाड़ा, तिफरा में कांग्रेस का हंगामा

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read


शिविर में नारेबाजी, “जनता को गुमराह कर रही सरकार”; कमिश्नर को सौंपा 10 सूत्रीय ज्ञापन
बिलासपुर। सरकार का “सुशासन तिहार” तिफरा में विरोध के बीच घिर गया। सोमवार को तिफरा हाई स्कूल में आयोजित शिविर के दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी तिफरा ने जोरदार प्रदर्शन कर पूरे आयोजन को सियासी रंग दे दिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शिविर स्थल पर ही नारेबाजी करते हुए राज्य सरकार पर सरकारी पैसे के दुरुपयोग और दिखावटी योजनाओं का आरोप लगाया।


शिविर में घुसकर विरोध, “पहले के आवेदन का क्या हुआ?”
जिला प्रशासन की ओर से लगाए गए इस शिविर में वार्ड क्रमांक 5, 6, 7 और 8 के लोगों से शिकायत और मांग के आवेदन लिए जा रहे थे। इसी दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लक्ष्मीनाथ साहू और पार्षद गायत्री लक्ष्मीनाथ साहू के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विरोध शुरू कर दिया।
कांग्रेस का आरोप था कि इससे पहले भी ऐसे शिविर लगाए गए, लेकिन आज तक किसी आवेदन का ठोस निराकरण नहीं हुआ। ऐसे में बार-बार “सुशासन तिहार” के नाम पर जनता को गुमराह किया जा रहा है।
“करोड़ों खर्च, जमीन पर शून्य काम”
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सरकार इस तरह के आयोजनों में करोड़ों रुपए खर्च कर रही है, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि लोग आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं।
कांग्रेस नेताओं ने इसे “जनता के साथ छल” करार दिया।
कमिश्नर को सौंपा ज्ञापन, उठाई बड़ी मांगें
विरोध के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर निगम कमिश्नर प्रकाश सर्वे को ज्ञापन सौंपा। इसमें प्रमुख मांगें शामिल रहीं—
500 रुपए में गैस सिलेंडर (मोदी की गारंटी के तहत)
पट्टा वितरण
तिफरा-सिरगिट्टी-परसदा को मिलाकर अलग नगर निगम का गठन
महिला आरक्षण तत्काल लागू
जाति जनगणना
किसानों की सुरक्षा सहित अन्य मुद्दे
जाति जनगणना पर भी दबाव
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लक्ष्मीनाथ साहू ने कहा कि पिछड़ा वर्ग को उचित प्रतिनिधित्व दिलाने के लिए राज्य सरकार केंद्र को जाति जनगणना का प्रस्ताव भेजे
महिला आरक्षण पर सवाल
वहीं पार्षद गायत्री लक्ष्मीनाथ साहू ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम के तहत 33% महिला आरक्षण को तुरंत लागू किया जाना चाहिए। उन्होंने राज्य सरकार से इस दिशा में जल्द प्रस्ताव भेजने की मांग की।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।