Latest news

ब्रेकअप के बाद फिर से मिले थे…शराब के नशे में बिगड़ा संतुलन या विवाद? छत से गिरा प्रेमी जोड़ा—युवक की मौत, युवती की हालत गंभीर

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
4 Min Read


बिलासपुर। सिरगिट्टी क्षेत्र स्थित अभिलाषा परिसर में बुधवार तड़के हुई घटना में शराब सेवन का एंगल प्रमुख रूप से सामने आया है। तीन मंजिला इमारत की छत पर शराब पार्टी के बाद संतुलन बिगड़ने या विवाद की स्थिति में प्रेमी जोड़ा नीचे गिर गया। इस हादसे में युवक की मौत हो गई, जबकि युवती गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है।
छत पर पार्टी के पुख्ता सबूत, नशे में झगड़े की आशंका
घटनास्थल की जांच में पुलिस को छत से शराब की बोतल, दो भरे हुए ग्लास और खाने के पैकेट बरामद हुए हैं। यह संकेत देते हैं कि दोनों छत पर बैठकर शराब का सेवन कर रहे थे।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों के बीच हाल ही में सुलह हुई थी और उसी खुशी में पार्टी की जा रही थी। पुलिस को आशंका है कि नशे की हालत में किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिससे धक्का-मुक्की के दौरान संतुलन बिगड़ गया।
पहले युवक गिरा, फिर युवती भी नीचे गिरी
प्रत्यक्ष परिस्थितियों के आधार पर पुलिस का कहना है कि पहले युवक नीचे गिरा और उसके बाद युवती भी उसी स्थान पर गिरी। यह घटनाक्रम पूरे मामले को संदिग्ध बना रहा है और इसी एंगल से जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
4 साल पुराना रिश्ता, हाल ही में हुआ था पैचअप
मृतक की पहचान यदुनंदन नगर निवासी चिरंजीवी पांडे (23) के रूप में हुई है, जो मूलतः बिहार का रहने वाला था और बिलासपुर में चोलामंडलम फाइनेंस में कार्यरत था।
घायल युवती गरिमा श्री उर्फ महिमा, मुंगेली की निवासी है। दोनों के बीच पिछले चार वर्षों से प्रेम संबंध था और हाल ही में उनका समझौता हुआ था।
छत पर मिले चौंकाने वाले साक्ष्य
शराब की बोतल और दो भरे हुए ग्लास
खाने के पैकेट बरामद
युवती के अंडर गारमेंट्स छत पर बिखरे
मृतक युवक युवती के अंतःवस्त्र पहने मिला
इन परिस्थितियों ने घटना को और अधिक जटिल बना दिया है, जिसकी गहराई से जांच की जा रही है।
पन्नी में मुर्गे की सब्जी लेकर पहुंचा था युवक
जांच में यह भी सामने आया है कि चिरंजीवी अपने दोस्तों के साथ पार्टी के लिए मुर्गा बनवा रहा था। इसी दौरान युवती का फोन आने पर वह पन्नी में सब्जी लेकर अभिलाषा परिसर पहुंचा।
पुलिस उन दोस्तों और आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है, जिन्होंने रात में किसी प्रकार की आवाज या विवाद सुना हो।
मोबाइल जब्त, दोस्तों से पूछताछ जारी
पुलिस ने मृतक का मोबाइल जब्त कर लिया है और पार्टी से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। युवती के होश में आने के बाद पूरे घटनाक्रम के स्पष्ट होने की संभावना जताई जा रही है।
पुलिस का बयान
सिरगिट्टी पुलिस थाना के थाना प्रभारी किशोर केंवट ने बताया—
“मामला संदिग्ध है। छत पर शराब पार्टी के साक्ष्य मिले हैं। पहले युवक और फिर युवती के गिरने की बात सामने आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और युवती के बयान के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।”
हर एंगल से जांच जारी
फिलहाल सिरगिट्टी पुलिस थाना इस मामले में मर्ग कायम कर हर पहलू—शराब सेवन, आपसी विवाद और अन्य संभावित कारणों—की जांच कर रही है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।