

बिलासपुर,रायपुर। शहर के प्रमुख शॉपिंग सेंटर मॉल में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां मूवी देखने पहुंची 11 युवतियों को न केवल शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा, बल्कि एक युवक द्वारा चोरी और चाकू मारने की धमकी देने का आरोप भी लगा है। घटना के दौरान मॉल प्रबंधन और सुरक्षा गार्डों की भूमिका भी सवालों के घेरे में है।
इंटरवल में सीट पर बैठा युवक, विरोध करने पर शुरू की बदसलूकी
जानकारी के मुताबिक, सभी युवतियां मॉल स्थित PVR Cinemas में फिल्म देखने पहुंची थीं। इंटरवल के दौरान जब वे बाहर निकलीं, तभी एक युवक उनकी सीट पर आकर बैठ गया। युवतियों ने जब उसे हटने को कहा तो वह बहस करने लगा।
बैग से निकला चोरी का सामान, खुद युवतियों ने पकड़ा
युवतियों ने इसकी शिकायत वहां मौजूद गार्ड से की। हालांकि, युवक अपनी सीट पर लौट गया, लेकिन इस दौरान उसने युवतियों का चश्मा चोरी कर लिया। फिल्म खत्म होने के बाद जब युवतियों ने उसे रोका और जांच की, तो उसके बैग से चोरी किया गया सामान बरामद हुआ।
यह पूरी घटना पॉपकॉर्न हॉल के पास होती रही, लेकिन मौजूद गार्ड और मैनेजर ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।
“चाकू मार दूंगा” कहकर दी धमकी
पीड़िताओं के अनुसार, आरोपी युवक ने उन्हें चाकू मारने की धमकी भी दी। इसके बावजूद मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने न तो आरोपी को रोका और न ही युवतियों की सुरक्षा सुनिश्चित की।
मदद के बजाय बाहर निकाला, गार्डों से भी हुई बहस
आरोप है कि मॉल प्रबंधन ने मदद करने के बजाय युवतियों को ही लिफ्ट के जरिए बाहर कर दिया। बाहर आने पर भी गार्ड उनसे उलझते नजर आए और आरोपी को भगाने की कोशिश करते रहे।
हालांकि, युवतियों ने हिम्मत दिखाते हुए पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जिसमें सुरक्षा व्यवस्था की पोल खुलती नजर आ रही है।
सुरक्षा पर उठे बड़े सवाल
इस घटना ने मॉल की सुरक्षा व्यवस्था और प्रबंधन की जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर के सबसे व्यस्त मॉल में यदि इस तरह की घटनाएं होती हैं और प्रबंधन मूकदर्शक बना रहता है, तो आम लोगों—खासतौर पर महिलाओं—की सुरक्षा पर चिंता स्वाभाविक है।
कार्रवाई की मांग
पीड़ित युवतियों ने पूरे मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है। अब देखना होगा कि प्रशासन और पुलिस इस मामले में क्या कदम उठाते हैं और क्या मॉल प्रबंधन की जिम्मेदारी तय की जाती है या नहीं।

