Latest news

दो ट्रकों की टक्कर के बाद लगी भीषण आग, केबिन में फंसे ड्राइवर की जिंदा जलकर मौत

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र के संबलपुर ओवरब्रिज पर रविवार को एक भीषण सड़क हादसे ने सनसनी फैला दी। दो ट्रकों के बीच हुई जबरदस्त टक्कर के बाद एक ट्रक में आग लग गई, जिसने कुछ ही पलों में विकराल रूप ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में ट्रक चालक केबिन के भीतर ही फंस गया और जिंदा जलने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, ओवरब्रिज पर आगे चल रहे ट्रक को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पीछे वाले ट्रक का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसी दौरान उसमें आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरे केबिन को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे के वक्त चालक केबिन के भीतर ही फंस गया। स्थानीय लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन आग की तेज लपटों और धुएं के कारण कोई भी पास नहीं जा सका। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया और चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही सकरी थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद पुलिस ने केबिन से शव को बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू की और पंचनामा प्रक्रिया में जुट गई।
हादसे के चलते ओवरब्रिज पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने बाद में सामान्य कराया। प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही मानी जा रही है, हालांकि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।
हादसे की मुख्य बातें
संबलपुर ओवरब्रिज, सकरी थाना क्षेत्र में हादसा
पीछे से ट्रक ने दूसरे ट्रक को मारी जोरदार टक्कर
टक्कर के बाद ट्रक के केबिन में लगी भीषण आग
चालक केबिन में फंसा, जिंदा जलकर मौत
दमकल टीम ने आग पर पाया काबू
पुलिस जांच में जुटी, यातायात कुछ समय रहा प्रभावित
विजय चौधरी, टीआई सकरी

“दो ट्रकों की टक्कर के बाद एक ट्रक में आग लग गई थी। चालक केबिन में फंसा हुआ था, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई। आग पर काबू पा लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।”

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।