बिलासपुर में अरपा नदी और उससे जुड़े जंगल क्षेत्र खनिज माफिया के निशाने पर हैं। नदी के सीने को चीरकर और जंगलों को घेरकर अवैध रेत उत्खनन और परिवहन का खेल लंबे समय से जारी है। अब प्रशासन ने इस पर सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है, जिसमें हाइवा सहित 5 वाहनों को जब्त किया गया है।
बिलासपुर, 4 अप्रैल 2026।
कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ खनिज विभाग का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। अरपा नदी के आसपास और उससे लगे वन क्षेत्रों में खनिज माफिया द्वारा किए जा रहे अवैध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाई गई है।


उप संचालक खनिज साधन के मार्गदर्शन में 03 अप्रैल 2026 को खनिज अमले ने कोटा, बेलगहना, कोनचरा, कंचनपुर, करही कच्छार, रतखंडी, रतनपुर, बिल्लिबंद, बरर और केंदा क्षेत्रों में व्यापक जांच अभियान चलाया। इस दौरान जंगलों के रास्तों से होकर रेत के अवैध परिवहन के कई मामले सामने आए।
जांच के दौरान कंचनपुर क्षेत्र में अरपा नदी से अवैध रूप से निकाली गई रेत को हाइवा और ट्रैक्टर-ट्रॉली के जरिए परिवहन करते पकड़ा गया। यहां से 01 हाइवा और 02 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए गए। इसके अलावा गतौरी क्षेत्र से 01 ट्रैक्टर-ट्रॉली और बिल्लिबंद क्षेत्र से 01 ट्रैक्टर-ट्रॉली को अवैध परिवहन करते हुए पकड़ा गया।
इस पूरी कार्रवाई में कुल 05 वाहनों को जब्त किया गया है। जब्त वाहनों को पुलिस थाना रतनपुर, कोटा तथा पुलिस चौकी बेलगहना और केंदा की अभिरक्षा में रखा गया है।
खनिज विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

