Latest news

फर्जी पेमेंट स्क्रीनशॉट से 17.84 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
2 Min Read


बिलासपुर। थाना तारबाहर क्षेत्र में अनाज कारोबारी से लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने फर्जी भुगतान के स्क्रीनशॉट भेजकर माल मंगाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, व्यापार विहार निवासी प्रार्थी संदीप अग्रहरि ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अनाज का थोक व्यापार करता है। भटगांव निवासी आरोपी राजेंद्र खांडेकर, जो अक्षांश किराना भंडार का संचालन करता है, ने नवंबर 2025 से मार्च 2026 के बीच कई बार मोबाइल के जरिए ऑर्डर देकर ट्रांसपोर्ट से अनाज मंगवाया।
बताया गया कि हर बार आरोपी द्वारा भुगतान किए जाने का स्क्रीनशॉट भेजा जाता था, जिससे भरोसा कर प्रार्थी माल भेजता रहा। अलग-अलग तारीखों में कुल 17 लाख 84 हजार रुपये का अनाज भेजा गया, लेकिन प्रार्थी के खाते में एक भी बार राशि जमा नहीं हुई। जांच में सामने आया कि आरोपी फर्जी तरीके से भुगतान के स्क्रीनशॉट तैयार कर भेजता था।
मामले में थाना तारबाहर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर टीम गठित कर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल, एक लैपटॉप, तीन कट्टी अरहर दाल, चार कट्टी गेहूं और 74 कट्टी चावल जब्त किया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम की भूमिका रही।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।