

बिलासपुर। शहर में धार्मिक माहौल के बीच निकली शोभायात्रा उस वक्त सनसनी में बदल गई, जब भीड़ के बीच मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। तोरवा थाना क्षेत्र में एक युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
जानकारी के मुताबिक, रपटा चौक चांटीडीह निवासी प्रार्थी सन्नी श्रीवास ने थाना तोरवा में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह एसी बनाने का काम करता है। 2 अप्रैल 2026 की शाम करीब 7:10 बजे वह अपने दोस्त सूरज साहू के साथ पेण्डलवार हॉस्पिटल और आनंद हॉस्पिटल के बीच मेन रोड तोरवा में खड़ा होकर शोभायात्रा देख रहा था।
इसी दौरान आरोपी प्रियांशु बोले वहां पहुंचा और सूरज साहू को साइड में खड़े होने के लिए कहा। सूरज के हल्का सा जवाब देते ही मामला बिगड़ गया और दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया।
रिपोर्ट में आरोप है कि कुछ ही देर में प्रियांशु बोले के साथ उसके साथी साहिल सोनकर, सुरेश और वैभव (सभी निवासी दयालबंद) मौके पर पहुंच गए। चारों ने मिलकर पहले गाली-गलौज की और फिर जान से मारने की धमकी देने लगे।
आरोप है कि इसी दौरान प्रियांशु बोले ने अपने पास रखे चाकू से सूरज साहू पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले की रफ्तार इतनी तेज थी कि सूरज को संभलने तक का मौका नहीं मिला। चाकू के वार उसके पेट, सिर, पीठ और शरीर के अन्य हिस्सों में लगे, जिससे वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। आनन-फानन में घायल सूरज साहू को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल, बिलासपुर में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही तोरवा पुलिस हरकत में आई और मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रियांशु बोले, साहिल सोनकर, सुरेश और वैभव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 296, 3(5), 351(3) के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है।

