







बिलासपुर| बिलासपुर जिले के थाना रतनपुर क्षेत्र के ग्राम पेंडरवा में हुई बुजुर्ग महिला की हत्या और कई लोगों के घायल होने की घटना को लेकर रज़ा यूनिटी फाउंडेशन ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर कठोर कार्रवाई, निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।

ज्ञापन के अनुसार, 1 अप्रैल 2026 को ग्राम पेंडरवा में मुराद बी (मुराद बेगम) नामक बुजुर्ग महिला की निर्मम हत्या कर दी गई। घटना में कई अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। आरोप है कि सुरेश श्रीवास अपने साथियों के साथ पीड़ित परिवार के घर में घुसा और धारदार हथियारों से हमला किया। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है।
फाउंडेशन ने अपने ज्ञापन में उल्लेख किया है कि पीड़ित परिवार द्वारा पूर्व में आरोपियों की ओर से मिल रही धमकियों की शिकायत पुलिस प्रशासन को दी गई थी, लेकिन समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। इसके चलते ही यह गंभीर वारदात घटित हुई।
ये रखीं प्रमुख मांगें
घटना में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित अन्य गंभीर धाराओं में त्वरित और कठोर कार्रवाई
पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच, विशेष जांच दल (एसआईटी) के माध्यम से
पीड़ित परिवार को आर्थिक मुआवजा और सुरक्षा उपलब्ध कराना
सभी घायलों के बेहतर इलाज की समुचित व्यवस्था
पूर्व में की गई शिकायतों और प्रशासनिक लापरवाही की जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई
क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभावी कदम
ज्ञापन की प्रतिलिपि राज्यपाल, मुख्यमंत्री, छत्तीसगढ़ मानवाधिकार आयोग, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग, पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज और पुलिस मुख्यालय रायपुर को भी प्रेषित की गई है।
एसएसपी ने दिया सख्त कार्रवाई का आश्वासन
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि घटना में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

