Latest news

इंतक़ाम की आग और खून से सनी रंजिश, तलवार लेकर घर में घुसे, बुजुर्ग महिला की हत्या, 6 लोग लहूलुहान—इलाके में भारी तनाव, चार आरोपी गिरफ्तार

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
5 Min Read

बिलासपुर/रतनपुर। छत्तीसगढ़ के रतनपुर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां पारिवारिक विवाद और कथित अवैध संबंध के शक ने खूनी रूप ले लिया। शाम करीब 6:30 बजे हथियारों से लैस आरोपियों ने घर में घुसकर ऐसा तांडव मचाया कि एक 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है।
घटना कैसे बनी खूनी संघर्ष की वजह
थाना रतनपुर में सुरेश श्रीवास (46) निवासी पेंडरवा अपने दो पुत्रों के साथ प्रार्थी बनकर पहुंचा था, लेकिन इसी बीच पीछे-पीछे घायलों से भरी गाड़ी थाना पहुंची और पूरा घटनाक्रम पलट गया। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया कि सुरेश श्रीवास और उसके बेटों ने घर में घुसकर बेरहमी से हमला किया।
मौके पर मौजूद पीड़ित शेख शब्बीर ने बताया कि मुख्य आरोपी सुरेश श्रीवास अपनी पूर्व पत्नी (जिससे 3-4 माह पहले तलाक हो चुका था) के साथ उसके छोटे भाई शेख सलीम के कथित अवैध संबंध को लेकर लंबे समय से विवाद करता आ रहा था। इसी शक और रंजिश ने खतरनाक रूप ले लिया।
तलवार से हमला, बुजुर्ग महिला की मौके पर मौत
घटना के दिन सुरेश श्रीवास अपने साथ धारदार हथियार लेकर शेख सलीम के घर पहुंचा। सलीम के नहीं मिलने पर उसने गुस्से में उसकी मां मुराद बेगम (65 वर्ष) पर जानलेवा हमला कर दिया। सिर और शरीर पर किए गए वार इतने घातक थे कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
बीच-बचाव करने आए परिवार के अन्य सदस्यों पर भी आरोपियों ने अंधाधुंध हमला किया, जिसमें 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज बिलासपुर के सिम्स अस्पताल में जारी है।
तत्काल FIR, चार आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल एफआईआर दर्ज कर विवेचना शुरू की और तेजी से कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी:
सुरेश श्रीवास (46), पिता माधव श्रीवास, निवासी पेंडरवा
उमेश श्रीवास (41), पिता सहोरन श्रीवास, निवासी पेंडरवा
दो विधि से संघर्षरत बालक (नाबालिग)
पूछताछ में बड़ा खुलासा—‘बदला लेने गया था’
पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी सुरेश श्रीवास ने जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि वह अपनी पूर्व पत्नी और शेख सलीम के बीच कथित संबंध से बेहद आक्रोशित था और बदला लेने की नीयत से अपने नाबालिग बेटों के साथ हथियार लेकर सलीम के घर गया था।
सलीम के नहीं मिलने पर उसने उसकी मां की हत्या करने की नीयत से हमला किया और बीच-बचाव करने वालों को भी नहीं छोड़ा।
उकसाने वाला भी गिरफ्तार
विवेचना के दौरान यह भी सामने आया कि उमेश श्रीवास ने सुरेश को इस घटना के लिए उकसाया था। पुलिस ने उसे भी तुरंत गिरफ्तार कर लिया।
साइंटिफिक एंगल से जांच—इलेक्ट्रॉनिक व फिजिकल साक्ष्य जब्त
पुलिस इस हाई-प्रोफाइल केस में कोई चूक नहीं करना चाहती। साइंटिफिक तरीके से जांच करते हुए घटनास्थल से इलेक्ट्रॉनिक और फिजिकल साक्ष्य विधिवत जब्त किए गए हैं। हथियार, खून के नमूने और अन्य महत्वपूर्ण सबूतों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।
एसएसपी के निर्देश पर स्पेशल टीम गठित
मामले की गंभीरता को देखते हुए बिलासपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई है, जो कोटा एसडीओपी नूपुर उपाध्याय के पर्यवेक्षण में काम कर रही है।
जांच टीम में शामिल अधिकारी:
श्रीमती अंशिका जैन (प्रशिक्षु आईपीएस, थाना प्रभारी रतनपुर)
निरीक्षक निलेश पांडे
उप निरीक्षक विष्णु यादव
उप निरीक्षक मेलाराम कठौतिया
प्रधान आरक्षक बलदेव सिंह
आरक्षक कीर्ति पैकरा
गंभीर धाराओं में केस दर्ज
इस जघन्य अपराध में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आर्म्स एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है:
धारा: 332A, 103, 109, 61(2), 3(5) BNS एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट
इलाके में तनाव, पुलिस अलर्ट मोड पर
घटना के बाद पेंडरवा और आसपास के इलाकों में तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस लगातार निगरानी रख रही है और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।