
बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर में एक युवती के साथ सरेआम मारपीट का मामला सामने आया है, जहां उसके ही पूर्व परिचित युवक ने होटल के बाहर उस पर लात-घूंसे बरसाए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके सामने आने के बाद सरकंडा इलाके में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक, कोरबा की रहने वाली युवती बिलासपुर के सरकंडा क्षेत्र में एक हॉस्टल में रहकर एलएलबी फाइनल ईयर की पढ़ाई कर रही है। 31 मार्च को वह अपने एक परिचित युवक के साथ एक होटल में रुकी थी।
इसी दौरान सुबह उसका पूर्व परिचित विवेक खटिक वहां पहुंच गया। जैसे ही युवती कमरे से बाहर निकली, आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी और कुछ ही पलों में मामला हिंसक हो गया। आरोपी ने युवती पर लात-घूंसे से हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि होटल में रुकने को लेकर विवाद के बाद आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया। होटल के बाहर हुई इस मारपीट की पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
घटना के बाद पीड़िता ने सरकंडा थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है।
मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल ने बताया कि युवती की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज किया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार किए जाने की बात कही गई है।

