बिलासपुर। ईद-ए-मिलादुन्नबी के मुबारक मौके पर शहर में निकले बाइक और पैदल जुलूस का सत्यम चौक में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष एवं समाजसेवी जावेद मेमन की अगुवाई में भव्य इस्तकबाल किया गया। जावेद मेमन ने मस्जिदों के इमामों और समाज के बुजुर्गों की गुलपोशी कर उनका स्वागत किया। जुलूस में शामिल बच्चों, बुजुर्गों और लोगों को बिस्कुट, चॉकलेट, पानी एवं मिठाई वितरित की गई। इस दौरान जिला प्रशासन की गाइडलाइन का पालन करते हुए कौमी एकता, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया गया।

सत्यम चौक से शुरू हुआ जुलूस, बड़ी संख्या में शामिल हुए लोग
ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर सत्यम चौक से पैदल जुलूस की शुरुआत हुई। जुलूस में बच्चे, बुजुर्ग और समाज के प्रमुख लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए। जुलूस के सत्यम चौक पहुंचने पर जावेद मेमन की अगुवाई में स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान मस्जिदों के इमामों को माला पहनाकर उनका इस्तकबाल किया गया।
जुलूस में शामिल लोगों के लिए सत्यम चौक पर पानी, मिठाई, बिस्कुट और चॉकलेट की व्यवस्था की गई थी। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी को सामग्री वितरित कर ईद मिलादुन्नबी की मुबारकबाद दी गई।
“बिलासपुर की पहचान हमेशा भाईचारे और सद्भाव की रही है”
जावेद मेमन ने कहा कि बिलासपुर की परंपरा वर्षों से सौहार्दपूर्ण वातावरण में भाईचारे और आपसी प्रेम का संदेश देने की रही है। ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर निकाला गया यह जुलूस भी इसी परंपरा को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि खुशी के इस मौके पर सभी को मिल-जुलकर शहर की गंगा-जमुनी तहजीब और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करना चाहिए।
उन्होंने जुलूस में शामिल बिलासपुरवासियों को ईद मिलादुन्नबी की बधाई देते हुए कहा कि पैगम्बर साहब ने पूरी मानवता के लिए जो संदेश दिया है, वह आज भी पूरी दुनिया के लिए सार्थक और अनुकरणीय है। उनके संदेश को अपनाकर ही समाज में शांति, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत किया जा सकता है।
“पैगम्बर साहब के पैगाम को समाज तक पहुंचाने की जरूरत”
जावेद मेमन ने कहा कि पैगम्बर साहब ने दुनिया को मानवता, शांति और भाईचारे का संदेश दिया। वर्तमान समय में इस संदेश की प्रासंगिकता और भी बढ़ गई है। उन्होंने सभी आयोजकों और समाज के लोगों से आह्वान किया कि ईद मिलादुन्नबी के इस खुशी के मौके पर बिलासपुर में भाईचारे और सद्भावना की ऐसी मिसाल पेश की जाए, जिसे दूसरे शहर भी अनुकरणीय मानें।
उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों का उद्देश्य केवल उत्सव तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि इनके माध्यम से समाज में प्रेम, शांति और एकता का संदेश भी पहुंचना चाहिए।
शहरभर में हुआ जुलूस का स्वागत
ईद मिलादुन्नबी के जुलूस का सत्यम चौक में भव्य स्वागत किया गया। इसके साथ ही शहर के अलग-अलग चौक-चौराहों पर भी विभिन्न कमेटियों की ओर से जुलूस में शामिल लोगों का स्वागत किया गया। जगह-जगह पानी, मिठाई और अन्य सामग्री का वितरण किया गया। पूरे आयोजन के दौरान जिला प्रशासन की गाइडलाइन का पालन करते हुए सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने पर जोर दिया गया।
ये रहे मौजूद
सत्यम चौक पर जुलूस के स्वागत कार्यक्रम में विनय वैद्य, अयाज खान, रिजवान खान, रवि गेडाम, वकार खान, नदीम खान, कैफ मेमन, कैफ खान, अरशद खान और शिव यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे। जावेद मेमन की अगुवाई में हुए इस स्वागत कार्यक्रम में धार्मिक सौहार्द और सामाजिक एकता का संदेश प्रमुखता से सामने आया।



