Latest news

बर्ड फ्लू के बीच बिलासपुर में चूजों की सप्लाई ने बढ़ाई चिंता, प्रशासन की सख्ती पर उठे सवाल

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
2 Min Read


बिलासपुर। शहर में बर्ड फ्लू के खतरे के बीच प्रशासन भले ही सख्ती के दावे कर रहा हो, लेकिन जमीनी हकीकत इसके उलट नजर आ रही है। संक्रमण को रोकने के लिए चिकन दुकानों को बंद करने के आदेश जारी किए गए हैं, इसके बावजूद चूजों की सप्लाई लगातार जारी है, जिससे लोगों में चिंता बढ़ गई है।
रविवार को रेलवे स्टेशन पर पहुंची चूजों की खेप
रविवार को बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर बड़ी संख्या में चूजों की खेप पहुंची। जानकारी के अनुसार यह खेप दिल्ली से मंगाई गई थी। चूजों को स्टेशन पर खुले तौर पर उतारा गया, जहां न तो किसी प्रकार की विशेष सुरक्षा व्यवस्था दिखाई दी और न ही प्रशासनिक निगरानी नजर आई।
वीडियो में दिखी लापरवाही


घटना से जुड़ा वीडियो भी सामने आया है, जिसमें साफ तौर पर देखा जा सकता है कि बड़ी संख्या में चूजों को बिना किसी रोक-टोक के उतारा जा रहा है। इस दौरान न तो स्वास्थ्य संबंधी कोई जांच होती दिखी और न ही संक्रमण से बचाव के लिए जरूरी उपाय अपनाए गए।
प्रतिबंध के बीच सप्लाई पर उठे सवाल


सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब बर्ड फ्लू के खतरे को देखते हुए पोल्ट्री कारोबार पर सख्ती और प्रतिबंध की बात कही जा रही है, तब इस तरह चूजों की सप्लाई कैसे जारी है। यह स्थिति संक्रमण फैलने के खतरे को और बढ़ा सकती है।
निगरानी व्यवस्था पर सवाल
इस पूरे मामले ने प्रशासन की कार्यप्रणाली और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि इस मामले में जिम्मेदार अधिकारी क्या कदम उठाते हैं और संक्रमण को रोकने के लिए किस तरह की कार्रवाई की जाती है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।