मनियारी नदी में करंट लगाकर मछली पकड़ने की कोशिश, 45 वर्षीय युवक की मौके पर मौत


तखतपुर (बिलासपुर)।
तखतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सूरीघाट में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां मछली पकड़ने के लिए करंट का जाल बिछाने वाला युवक खुद उसी करंट की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सूरीघाट निवासी मायाराम कैवर्त (45 वर्ष) सुबह करीब 9 बजे मनियारी नदी में मछली पकड़ने के लिए गया था। उसने नदी में जाल बिछाकर उसमें बिजली का करंट प्रवाहित कर दिया था, ताकि मछलियां आसानी से फंस सकें।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान जैसे ही मायाराम का पैर पानी में पड़ा, वह खुद करंट की चपेट में आ गया। तेज करंट के कारण वह संभल नहीं सका और कुछ ही क्षणों में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना मिलने पर तखतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
फैक्ट
मृतक: मायाराम कैवर्त (45 वर्ष)
निवासी: ग्राम सूरीघाट, तखतपुर थाना क्षेत्र
घटना का समय: सुबह करीब 9 बजे
स्थान: मनियारी नदी
कारण: करंट की चपेट में आने से मौत

