Latest news

दयालबंद गुरुद्वारा प्रबंधन में नया नेतृत्व, परमजीत सिंह सलूजा निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
2 Min Read



2026 से 2028 तक संभालेंगे जिम्मेदारी, समाज में खुशी की लहर
बिलासपुर। दयालबंद स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा दयालबंद में नए प्रबंधन का चयन करते हुए सरदार परमजीत सिंह सलूजा को वर्ष 2026 से 2028 तक के लिए मुख्य सेवादार (अध्यक्ष) के रूप में निर्विरोध चुना गया है। उनके निर्वाचित होने पर सिख समाज में हर्ष का माहौल देखा गया।
परमजीत सिंह सलूजा इससे पहले गुरुद्वारा प्रबंधन में सचिव के पद पर अपनी जिम्मेदारी निभा चुके हैं। उस दौरान उन्होंने गुरु मर्यादा के अनुरूप कार्य करते हुए संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाई थी।
परिवारिक पृष्ठभूमि भी सेवा से जुड़ी रही है। उनके पिता स्वर्गीय भगतराम सलूजा लंबे समय तक कोषाध्यक्ष रहे, वहीं बड़े भाई सरदार सुरजीत सिंह सलूजा ने पूर्व में प्रधान के रूप में दायित्व संभाला है।
गुरुद्वारा भवन के जीर्णोद्धार के दौरान सचिव रहते हुए सलूजा ने व्यवस्थाओं में सक्रिय भागीदारी निभाई थी। इसके अलावा वे सामाजिक संस्था लायंस क्लब से भी जुड़े रहे हैं और विभिन्न पदों पर रहते हुए सामाजिक कार्यों में योगदान दिया है।
धार्मिक गतिविधियों में उनकी नियमित सहभागिता रही है। अमृतवेला में गुरुद्वारा पहुंचकर गुरुबाणी से जुड़े रहना उनकी दिनचर्या का हिस्सा माना जाता है।
समाज के लोगों के अनुसार उनका स्वभाव सरल और मिलनसार है तथा वे सभी को साथ लेकर चलने की क्षमता रखते हैं। उनके नेतृत्व में शिक्षा, स्वास्थ्य और युवाओं को धर्म से जोड़ने जैसे विषयों पर विशेष कार्य किए जाने की अपेक्षा जताई जा रही है।
नए अध्यक्ष के रूप में दायित्व मिलने पर समाज के लोगों ने उन्हें बधाई दी है और उनके कार्यकाल को लेकर विश्वास जताया है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।