बिलासपुर, 26 मार्च 2026। शहर में बढ़ती झपटमारी की घटनाओं के बीच बिलासपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए चेन स्नेचिंग के मामले का खुलासा कर दिया है। उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देशन में ए.सी.सी.यू. और सिविल लाइन थाना की संयुक्त टीम ने घटना के महज कुछ दिनों के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की पूरी संपत्ति बरामद कर ली है।


300 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगालकर आरोपियों तक पहुंची पुलिस
घटना के बाद पुलिस ने शहरभर में लगे 300 से अधिक CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान और उनके मूवमेंट का बारीकी से विश्लेषण किया गया। साइबर सेल की तकनीकी मदद से आरोपियों के ठिकानों का पता लगाकर टीम ने देवरीखुर्द और तारबाहर क्षेत्र में घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार किया।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
प्रार्थीया शोभना भाण्डेकर निवासी वैष्णवी विहार, मंगला 23 मार्च 2026 की रात करीब 10 बजे अपने भाई दीपांशु के साथ स्कूटी से रेलवे स्टेशन से घर लौट रही थीं। रामा पोर्ट के पास स्कूटी पंचर हो गई, जिसके बाद दोनों धीरे-धीरे आगे बढ़ रहे थे।
पल्लव भवन के सामने पेट्रोल पंप के पास अचानक एक युवक रॉन्ग साइड से आया और महिला के गले से करीब 1 लाख 10 हजार रुपए की सोने की चेन व लॉकेट झपटकर भाग गया। दूसरा साथी पहले से बाइक स्टार्ट कर इंतजार कर रहा था, जिसके साथ आरोपी फरार हो गया।
ऑटो से पीछा, फिर बनाई लूट की योजना
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने पीड़िता को पहले ही रामा पोर्ट के पास टारगेट कर लिया था। दोनों ने पहले ऑटो से पीछा किया, फिर मौके की तलाश में आगे-पीछे घूमते रहे। महाराणा प्रताप चौक के पास रॉन्ग साइड में खड़े होकर मौका मिलते ही वारदात को अंजाम दिया।
गोल्ड लोन कंपनी में गिरवी रखी थी चेन
लूट के बाद आरोपियों ने सोने की चेन और लॉकेट को IIFL Gold Loan में गिरवी रखकर 80 हजार रुपए का लोन ले लिया था। पुलिस ने इसे भी बरामदगी में शामिल करते हुए पूरे मशरूके की रिकवरी सुनिश्चित की।
गिरफ्तार आरोपी
शेख सलमान (27 वर्ष), निवासी तारबाहर, बिलासपुर
आकाश उर्फ आशु नायक (23 वर्ष), निवासी देवरीखुर्द, बिलासपुर
बरामद संपत्ति
01 मोटरसाइकिल
01 ऑटो
नगद 5,000 रुपए
सोने की चेन व लॉकेट (कीमत करीब 1.10 लाख रुपए)
तेज कार्रवाई पर पुलिस टीम को इनाम
इस पूरे ऑपरेशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज पटेल, थाना प्रभारी एस. राम साहू, ए.सी.सी.यू. प्रभारी तोप सिंह नवरंग सहित टीम के अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।
एसएसपी रजनेश सिंह ने पूरी टीम की सराहना करते हुए पुरस्कार देने की घोषणा की है।
कानूनी कार्रवाई
मामले में थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 395/2026 के तहत धारा 304(2), 3(5) बी.एन.एस. के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया में भेजा गया है।

