बिलासपुर। शहर के रघुराज सिंह खेल स्टेडियम में आयोजित स्व. लखीराम अग्रवाल स्मृति अखिल भारतीय टी-20 ड्यूस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता अब निर्णायक दौर में पहुंच गई है। 27 और 28 मार्च को सेमीफाइनल मुकाबले खेले जाएंगे, जबकि 29 मार्च को फाइनल मैच के साथ भव्य समापन समारोह आयोजित होगा। समापन अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित करेंगे।


प्रतियोगिता में विजेता टीम को ट्रॉफी के साथ 5 लाख रुपए नगद और उपविजेता टीम को ट्रॉफी सहित 3 लाख रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा। बीटीसीए नागपुर और खड़कपुर की टीमें सेमीफाइनल में अपनी जगह बना चुकी हैं। रघुराज स्टेडियम में सभी मुकाबले शाम 7 बजे से खेले जाएंगे।
खेल के साथ जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी, खिलाड़ियों का बढ़ा उत्साह
सेमीफाइनल से पहले आयोजित मुकाबलों के दौरान संभागायुक्त सुनील जैन, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष रजनीश सिंह, पूर्व महापौर वाणी राव, पूर्व विधायक चंद्रप्रकाश बाजपेई, क्रीड़ा संघ के अध्यक्ष सुशील पटेरिया, नई दुनिया के संपादक सुनील गुप्ता, सीएमडी कॉलेज प्रबंधन समिति के अध्यक्ष संजय दुबे सहित कई गणमान्य अतिथि स्टेडियम पहुंचे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष रजनीश सिंह ने कहा कि स्व. लखीराम अग्रवाल भारतीय जनता पार्टी के मार्गदर्शक रहे हैं और उनकी स्मृति में इस स्तर का आयोजन बिलासपुर के लिए गौरव की बात है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में यह प्रतियोगिता पूरे देश में पहचान बनाएगी।
पूर्व महापौर वाणी राव ने स्टेडियम के निर्माण और विकास का श्रेय देते हुए कहा कि विधायक अमर अग्रवाल के प्रयासों से शहर को यह शानदार खेल परिसर मिला है, जो युवाओं के लिए एक बड़ा उपहार है।
पूर्व विधायक चंद्रप्रकाश बाजपेई और संजय दुबे ने भी आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि शहर में इस तरह के राष्ट्रीय स्तर के आयोजन से खिलाड़ियों को बेहतर मंच मिल रहा है और खेल संस्कृति को बढ़ावा मिल रहा है।
संभागायुक्त सुनील जैन ने आयोजन को अनुकरणीय बताते हुए खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया और प्रतियोगिता की सफलता की कामना की।
मुकाबलों में दिखा रोमांच, दिल्ली और मुंबई ने दर्ज की जीत
छठवें दिन खेले गए मुकाबलों में डीवाई पाटिल नागपुर और दिल्ली के बीच मुकाबला हुआ। पहले बल्लेबाजी करते हुए नागपुर की टीम ने 20 ओवर में 128 रन बनाए। जवाब में दिल्ली की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मात्र 16 ओवर में 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। दिल्ली के अथर्व को शानदार 84 रन की पारी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
पूल-बी के दूसरे मुकाबले में मुंबई और डीवाई पाटिल नागपुर के बीच रोमांचक मैच खेला गया। नागपुर की टीम 149 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। जवाब में मुंबई ने अंतिम ओवर में 1 विकेट से मैच जीत लिया। इस मैच में मुंबई के आर्यन मिश्रा को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। आर्यन और अंकित की बल्लेबाजी टीम की जीत में निर्णायक रही।
सीनियर खिलाड़ियों का हुआ सम्मान
आयोजन समिति के प्रमुख प्रवीण दुबे ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान सीनियर क्रिकेटरों का सम्मान भी किया गया। सम्मानित खिलाड़ियों में संजय बढेरा, मनोज यादव, शेख अल्फाज, डॉ. अशोक मेहता, राजू जाजोदिया, डॉ. वैभव ओततलवार शामिल रहे।
इसके साथ ही विभिन्न खेल संघों से जुड़े पदाधिकारियों को भी सम्मानित किया गया, जिनमें छत्तीसगढ़ दिव्यांग तैराकी संघ के महासचिव सूरज यादव, जिला दिव्यांग तैराकी संघ की सचिव दुर्गा यादव, छत्तीसगढ़ ताइक्वांडो संघ के महासचिव रामपुरी गोस्वामी और जिला हैंडबॉल संघ के सचिव राम प्रताप सिंह प्रमुख रूप से शामिल रहे।

